#BIHAR #INDIA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तीसरे चरण की जल-जीवन-हरियाली यात्रा पर मंगलवार को निकलेंगे। मुख्यमंत्री इस चरण के पहले दिन कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जिलों में जाएंगे। वहीं 18 को नवादा, जहानाब और अरवल तथा 19 दिसंबर को गया जिले में यात्रा पर रहेंगे।

कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड के पहड़िया पंचायत में जाएंगे और वहां जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत हो रहे तालाब और कुओं के जीर्णोद्धार, पईन-कैटल ट्रफ के निर्माण कार्य को देखेंगे। साथ ही जल-जीवन-हरियाली जागरूकता सम्मेलन करेंगे और इस अभियान में सहयोग करने की अपील लोगों से करेंगे। रोहतास जिले के दिनारा में उक्त कार्य के अलावा स्कूल की छत पर रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्य का जायजा लेंगे।

इसके बाद औरंगाबाद के कुटुम्बा प्रखंड के ग्राम पंचायत चिल्हकी जाएंगे और वहां विभिन्न स्थलों के भ्रमण के दौरान जीविका दीदियों द्वारा की जा रही स्ट्राबेरी और सब्जी की खेती को देखेंगे। गौरतलब हो कि 18 दिसंबर को मुख्यमंत्री ने गया में ही राज्य कैबिनेट की बैठक करने का निर्णय लिया है। पहली बार गया में कैबिनेट की बैठक मुख्यमंत्री ने बुलायी है।
