#BIHAR #INDIA : राज्य के सभी 38 जिलों में पारा मेडिकल संस्थानों की स्थापना की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में डॉक्टरों के साथ ही प्रशिक्षित पारा मेडिकल कर्मियों की कमी को देखते हुए पारा मेडिकल संस्थान खोलने का निर्णय लिया है। विभाग द्वारा एक ओर जहां नये-नये मेडिकल कॉलेज व अस्पतालों की स्थापना को लेकर पहल की जा रही है, वहीं दूसरी ओर पारा मेडिकल संस्थानों की भी स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 33 जिलों में पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना एवं पांच जिलों में फार्मेसी कॉलेज शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया गया था।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री की स्वीकृति के लिए सीएम सचिवालय भेजा गया था। सूत्रों ने बताया कि पांच जिलों में पारा मेडिकल संस्थान की जगह पांच फार्मेसी संस्थान की स्थापना के प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया और सभी 38 जिलों में पारा मेडिकल संस्थान की स्थापना का निर्देश दिया गया। प्रथम चरण के सुधार कार्यक्रम में है प्रस्ताव जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग से संबंधित प्रथम चरण के सुधार कार्यक्रमों में नये मेडिकल कॉलेज अस्पताल खोलने, पारा मेडिकल संस्थानों की स्थापना, नर्सिंग स्कूल शुरू करने सहित अन्य प्रमुख कार्य शामिल किए गए हैं।

