समस्तीपुर में श्रीराम की मूर्तियां लूटने वाले पकड़े गए 6 आरोपियों में से 4 जमानत पर छूटे, भगवान अब भी थाने में

समस्तीपुर. बिहार के समस्तीपुर जिले के सरायरंजन स्थित नरघोघी मठ में 11 अप्रैल 2018 को हुई डकैती में पकड़े गए 6 आरोपियों में से 4 जमानत पर छूट गए हैं। 8 आरोपी अब तक गिरफ्तार नहीं किए जा सके हैं। मगर, श्रीराम की सोने की मूर्तियां समेत अष्टधातु की 14 मूर्तियां 16 अप्रैल से अब तक सरायरंजन थाने में ही रखी हैं। इन सभी की कीमत लगभग 50 करोड़ रुपए है। मूर्तियों को वापस से नरघोघी मठ में पहुंचाने को लेकर न तो पुलिस न प्रशासन और न ही मंदिर न्यास समिति गंभीर है।

सरायरंजन का नरघोघी मठ 1347 में बनाया गया था। यहां 32 देवी-देवताओं की मूर्तियां स्थापित की गई थीं। मठ में इस साल अप्रैल में डाका डाला गया और 14 मूर्तियों को लूट लिया गया था। अब इस मठ में कोई भी श्रद्धालु दर्शन करने के लिए नहीं आता है। जबसे मूर्तियां थाने लाई गईं हैं, तब से इनकी सुरक्षा के लिए एक एएसआई की नियुक्ति भी की गई है। वह दिन-रात पहरा देता है।

कब क्या हुआ

11 अप्रैल की रात 14 लुटेरों ने डाला डाका

03 होमगार्ड को बंधक बनकर वारदात को दिया अंजाम

14 मूर्तियां राम-सीता, लक्ष्मण और अन्य देवों कीं

03 मूर्तियां सोने (20 kg) की और 11 अष्टधातु की

50 करोड़ से अधिक आंकी गई कीमत

16 अप्रैल को बसंतपुर से बरामद हुई थीं मूर्तियां

मंदिर न्यास को तो कुछ पता ही नहीं

मैं अपना काम कर चुका हूं। 6 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। 8 और संलिप्तों का नाम आया था, जिसकी गिरफ्तारी बाकी है। टीआईपी कराने का कोर्ट से ऑर्डर हो चुका है, मगर मजिस्ट्रेट बहाल नहीं हो सका है। – अमित कुमार, कांड के पूर्व आईओ

जहां तक टीआईपी के लिए मजिस्ट्रेट बहाल करने का ऑर्डर आया है या नहीं, मुझे जानकारी नहीं है। मैं मंदिर न्यास समिति का अध्यक्ष जरूर हूं, लेकिन टीआईपी तो अनुसंधानक पदाधिकारी को कराना है।- अशोक कुमार मंडल, एसडीओ सह पदेन अध्यक्ष, श्रीराम-जानकी मंदिर न्यास समिति, नरघोघी

कोर्ट से टीआईपी कराने के ऑर्डर को देखते हुए 25 जून को मूर्तियों की पुनर्स्थापना के लिए तिथि निर्धारित कर दी गई थी। लेकिन पुलिस प्रशासन की उदासीनता वजह से यह नहीं हो सका। – नंद कुमार झा, सचिव, श्रीराम-जानकी मंदिर न्यास समिति, नरघोघी, सरायरंजन

एक-दूसरे पर टाल रहे हैं सब

कांड में संलिप्त छह आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। मूर्तियों को रिलीज कराने के लिए न्यायिक प्रक्रिया चल रही है। कांड के आईओ को टीआईपी के लिए कोर्ट में अपील करनी चाहिए। -दीपक रंजन, तत्कालीन पुलिस अधीक्षक, समस्तीपुर

मूर्तियों की मंदिर में पुन: स्थापना के लिए उसे न्यायालय से रिलीज कराना होगा। एसपी और मंदिर न्यास समिति को यह प्रक्रिया करनी चाहिए। न्यायालय से टीआईपी कराने के लिए मजिस्ट्रेट बहाल करने का मेरे पास कोई आदेश नहीं आया है। यदि आदेश आएगा तो मैं उसी दिन बहाल कर दूंगा। – चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी, समस्तीपुर

बरामद मूर्तियों की सुरक्षा करना पुलिस का काम है। मूर्तियां सुरक्षित हैं। उसकी निगरानी के लिए स्पेशल ऑफिसर और सिपाही प्रतिनियुक्त हैं। श्री राम जानकी मंदिर न्यास समिति को इसके लिए आगे आना चाहिए। हमें जब कोर्ट का आदेश मिल जाएगा तब मूर्तियों को रिलीज कर दिया जाएगा।- हरप्रीत कौर, वर्तमान एसपी, समस्तीपुर

मूर्तियों को रिलीज कराने के लिए पहल की जा रही है। कोर्ट से आदेश के बाद उसे रिलीज कर दिया जाएगा। यह काम जल्द होगा। उसके बाद मूर्तियों की स्थापना में सहयोग किया जाएगा। – संजीव कुमार चौधरी, सरायरंजन थानाध्यक्ष सह कांड के वर्तमान आईओ

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.