जब चुनावों में मतपत्रों से वोटिंग होती थी, उस समय मतगणना में कई अनूठे और रोचक तरीके अपनाए जाते थे

अहद खान। जब से ईवीएम आई, मतगणना काफी आसान हो गई है। लेकिन वर्ष 2000 के पहले जब चुनावों में मतपत्रों से वोटिंग होती थी, उस समय मतगणना में कई अनूठे और रोचक तरीके अपनाए जाते थे। इनमें से एक था ड्रम का उपयोग कर मतपत्रों को अच्छे से मिलाने का। मतपेटियों से निकलते ही मतपत्रों को एक ड्रम में डाला जाता था। बाद में उसे लुढ़काया जाता था, ताकि वे अच्छे से मिल जाएं। इसके पीछे उद्देश्य यह था कि बाद में यह पता नहीं चलना चाहिए कि किस बूथ से किसे कितने वोट मिले और किस क्षेत्र से कौन आगे-पीछे रहा।

इसके लिए बाकायदा ड्रम अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाती थी। उस दौर में जिले में लोकसभा और विधानसभा सहित सभी चुनावों के मतों की गणना कलेक्टर कार्यालय में होती थी। लोकसभा चुनाव में मतगणना दो-दो दिन तक भी चलती थी। अब पार्टियां बैठकर एक-एक बूथ और एक-एक मशीन पर मिले मतों का गणित लगाती हैं।

इससे यह भी पता कर लिया जाता है कि कहां ज्यादा मेहनत करना है, और कहां स्थिति मजबूत है। कई बार परिणाम आने के बाद विवादों की स्थिति भी बनती रही है। यह दिक्कत मतपत्रों से चुनाव के दौर में नहीं थी। ड्रम में मतपत्र मिल जाने से किसी को यह पता नहीं चल पाता था कि किस बूथ पर कौन आगे रहा। आखिरी परिणाम ही घोषित किए जाते थे।
ऐसे होती थी गणना

– सबसे पहले ट्रेजरी के स्ट्रांग रूम से 14-14 पेटियां मतगणना स्थल पर लाई जाती थीं।
लाइन अधिकारी इन्हें ड्रम तक भेजता था और ड्रम अधिकारी के सामने इनमें से मतपत्र ड्रम में डाले जाते थे।

– ड्रम को उल्टा-सीधा कर और लुढ़काकर मतपत्रों को मिलाया जाता था।
इसके बाद मतपत्रों की छंटनी कर निरस्त मत अलग निकाले जाते थे।

– प्रत्याशियों को मिले मतों को अलग-अलग कर बंडल बनाने के बाद गिनती की जाती थी।
अगर पुनर्गणना की स्थिति बन जाती तो इन बंडलों को फिर से गिनना पड़ता था।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.