देहरादून : हर बार की तरह इस बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी दिवाली जवानों के साथ देश की राजधानी दिल्ली से बाहर मनायी. पीएम मोदी बुधवार सुबह भारत-चीन सीमा के पास उत्तराखंड के हर्षिल पहुंचे और यहां सेना और आईटीबीपी के जवानों को दिवाली की शुभकामनाएं दी. उन्होंने जवानों को मिठाईयां खिलाई, फोटो खिंचवाई और कुछ देर तक बातें की. इसके बाद पीएम मोदी केदारनाथ के लिए रवाना हो गये.
केदारनाथ मंदिर में पीएम मोदी ने पूजा-अर्चना की. इससे पहले पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर देश के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं दी. उन्होंने अपने ट्विटर वॉल पर लिखा कि दीपावली की सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई…मेरी कामना है कि प्रकाश का यह पावन पर्व सबके जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर लाए…
इससे पहले इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की ओर से दिवाली की शुभकामनाओं के जवाब में मोदी ने कहा, ‘‘हर साल मैं अपने सीमावर्ती इलाके में जाता हूं और अपने जवानों को हैरान करता हूं. इस साल भी बहादुर जवानों के साथ मनाउंगा. उनके साथ वक्त गुजारना खास होता है.” उन्होंने कहा कि वह बुधवार की शाम तस्वीरें भी साझा करेंगे.
इज़राइल के प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘इज़राइल के लोगों की ओर से, मैं अपने प्यारे दोस्त नरेंद्र मोदी और भारत के लोगों को दिवाली की शुभकामनाएं देना चाहता हूं. रोशनी के इस चमकदार त्योहार से आपको खुशी और समृद्धि मिले. हमें बेहद ख़ुशी होगी अगर आप इस ट्वीट का उत्तर, उस शहर के नाम से दें जहां आप यह त्योहार मना रहे हैं.”