पांच हथियारबंद लुटेरों ने लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत ग्रामीण बैंक मटिया से करीब लूट लिए नौ लाख रुपए

जमुई/ लक्ष्मीपुर. दीपावली से एक दिन पहले पांच हथियारबंद लुटेरों ने लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत ग्रामीण बैंक मटिया से करीब नौ लाख रुपए लूट लिए। लुटेरे अपनी पहचान छुपाने के लिए बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे का हार्डडिस्क भी अपने साथ लेते गए। मंगलवार की सुबह 11 बजे हथियारबंद लुटेरे बैंक के अंदर घुसे थे।

लुटेरों ने बैंककर्मियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर बैंक में मौजूद सभी कर्मियों और ग्राहकों का मोबाइल भी जब्त कर लिया। इसके बाद लुटेरों ने बैंक के सहायक प्रबंधक अनवर अंसारी को पिस्टल के बट से मारा और लॉकर खुलवाया। लॉकर में रखे आठ लाख 79 हजार 998 रुपए भरा एक बैग ले लिया। फिर सभी बैंककर्मियों और ग्राहकों को लॉकर रूम में बंद कर लुटेरे वहां से भाग निकले।

जाते समय लुटेरों ने कुछ ग्राहकों को उनका मोबाइल दे दिया, लेकिन बैंककर्मियों का मोबाइल लेते गए। लूट के बाद बैंक के सहायक प्रबंधक अनवर अंसारी ने एक ग्राहक के मोबाइल से मटिया बाजार के एक मित्र को फोन कर लूट की सूचना दी। स्थानीय लोगों द्वारा लॉकर रूम को खोलकर सभी को बाहर निकाला गया और घटना की सूचना लोगों ने पुलिस को दी।

चौकीदार के पास नहीं था हथियार : लक्ष्मीपुर प्रखंड और बरहट थानाक्षेत्र अंतर्गत मटिया बाजार स्थित ग्रामीण बैंक से मंगलवार की सुबह नौ लाख रुपए की लूट की घटना शाखा में सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से घटी। लूट के दौरान बैंक की सुरक्षा में मौजूद चौकीदार रामानंद पासवान निहत्था था।

इतना ही नहीं ऐसी परिस्थिति में आसपास के लोगों को किसी अनहोनी से अवगत कराने के लिए शाखा में एक भी अलार्म नहीं है। दो माह पहले उक्त स्थल पर शिफ्ट हुए इस शाखा की लचर सुरक्षा व्यवस्था से लुटेरे अवगत थे। लुटेरों के निशाने पर बैंक काफी दिनों से था।

बैंक में थे सिर्फ नौ लोग : लुटेरे इससे अवगत थे की बैंक खुलने के साथ बड़ी आसानी से लूट की घटना को अंजाम दिया जा सकता है। बैंक में सुबह 11 बजे जब लूट की घटना हुई, उस वक्त शाखा में छह ग्राहक और तीन बैंक कर्मी थे। बैंक में सहायक प्रबंधक अनवर अंसारी, कैशियर विकास कुमार और विवेक रंजन मौजूद थे।

शाखा प्रबंधक छुट्टी पर थे। इसके अलावा बैंक में उपस्थित ग्राहकों में असगर अहमद, रामनिरंजन मंडल, मुर्तजा अंसारी, अब्दुल वाहिद के अलावा छात्र राज कुमार टुड्डू, अक्षय कुमार व विनोद टुड्डू मौजूद थे। इस कारण पांच लुटेरों ने इन लोगों को आसानी से बंधक बना लिया और फिर पैसे लेकर आसानी से भाग गए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.