धनबाद। निवेशकों के करोड़ों रुपये ले फरार हुई नन बैंकिंग कंपनी गुलशन निर्माण इंडिया लि. देवघर व उनके निदेशकों के विरुद्ध सीबीआइ ने शिकंजा कस दिया है। धनबाद सीबीआइ के भ्रष्टाचार निरोधी शाखा ने उनके खिलाफ अदालत ने चार्जशीट दायर की है। वहीं 26 अन्य नॉन बैंकिंग कंपनियों के विरुद्ध अनुसंधान जारी है।
धनबाद सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश की अदालत में जांच एजेंसी ने गुलशन निर्माण इंडिया लि. देवघर, गुलशन हॉस्पीटिलिटी एंड रिसोर्ट लि. देवघर एवं उनके निदेशकों कोलकाता निवासी सैयद अख्तर, उनके पुत्र मो. सलीम, कौस्तुब राय, देवाशीष भट्टाचार्य, मो. अताउल्लाह एवं श्रीनिवास घोष वर्द्धमान के विरुद्ध आरोप पत्र दायर किया है। सीबीआइ ने किया दावा चार्जशीट में सीबीआइ ने दावा किया है कि गुलशन निर्माण इंडिया लि. का रजिस्ट्रेशन 3.5.11 को छत्तीसगढ़ ग्वालियर में हुआ था। कंपनी ने 5 मई 2012 को देवघर में राजेश दास के मकान में अपना कार्यालय खोला। वहा उसने अपने लोकल एजेंटों के माध्यम से जमाकर्ताओं को अधिक मुनाफा का लालच देकर विभिन्न स्कीमों में भारी धनराशि का निवेश कराया। कंपनी ने कौस्तुब राय, देवाशीष भट्टाचार्या, मो. अताउल्लाह खान, श्रीनिवास घोष को देवघर कार्यालय में निदेशक के रूप में नियुक्त किया। इन लोगों ने गुलशन हॉस्पीटिलिटी एवं रिसोर्ट के नाम पर लोगों से पैसा कराया।
सीबीआइ ने दावा किया है कि केवल देवघर जिला में इस कंपनी ने निवेशकों से 55 लाख 75 हजार 3 सौ रूपए वर्ष 2012-13 के दौरान जमा कराए। वहीं पूरे भारत में इस कंपनी ने निवेशकों को प्रलोभन देकर 87 करोड़ 4 लाख, 43 हजार, 166 रूपया वसूले। जबकि यह कंपनी एनबीएफसी के तहत आरबीआइ एवं सेबी से रजिस्टर्ड नहीं थी। इस कारण इसे जमाकर्ताओं से निवेश कराने का कोई अधिकार नहीं था। सीबीआई ने दावा किया कि देवघर से वसूले गए रूपए को निवेशकों ने कंपनी के कोलकाता स्थित आइसीआइ एवं एफडीएफसी शाखा में जमा करवाया। यह भी दावा किया कि देवघर जिला प्रशासन द्वारा ऑफिस पर रेड किए जाने के पूर्व अताउल्लाह खान एवं सलीम ने कंपनी के खाते में जमा रकम अपने व्यक्तिगत खाते में ट्रासफर कर लिया। वहीं 42 लाख रूपये देवाशीष के खाते में तथा 62 लाख रूपये श्रीनिवास घोष के खाते में ट्रासफर कर दिया।
हाई कोर्ट के आदेश पर 27 कंपनियों के खिलाफ एफआइआर: झारखंड अगेंस्ट करप्शन नामक संस्था द्वारा दायर जनहित याचिका की सुनवाई के बाद आदेश पारित करते हुए झारखंड उच्च न्यायालय ने 11 मई 2015 को झारखण्ड में संचालित हो रही कुल 27 नॉन बैंकिंग कंपनियों पर एफआइआर का आदेश सीबीआइ को दिया था। आदेश के आलोक में 30 जून 2015 को इन कंपनियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी। इनमें गुलशन निर्माण इंडिया लि. देवघर, गुलशन हॉस्पीटिलिटी एंड रिसोर्ट लि. देवघर, सुरहा फायनास लि., सन प्लाट एग्रो ग्रुप, प्रयाग इंफोटेक हाईराइज लि., साई प्रसाद प्रोपर्टी, फेडरल एग्रो कॉमर्शियल लि., तिरूबालाजी रियल इस्टेट प्रा. लि., एकचिमिस्ट इंफ्रा रियलिटी इंडिया लि., धनौती डेवलपर, कोलकाता रियल इंडस्ट्रीज, वियर एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन, रूपहर्ष मार्केटिंग, सन साइन ग्लोबल एग्रो लि., रामेल इंडस्ट्रीज, इनोमरस इंडस्ट्रीज, एलेक्सा इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपर, गीताजलि उद्योग लि., एमपीए एग्रो एनीमस प्रोजेक्ट, जुगातर रियललिटी लि., एटीएम गु्रप ऑफ कंपनी, केयर विजन म्यूच्यूल फेनिफिट लि., मातृभूमि मैन्युफैक्चरिंग मार्केटिंग, रोज वैली होटल एंड इंटरटेनमेंट, वर्द्धमान सक्राम वेलफेयर सोसायटी, अपना परिवार, एग्रो फार्मिग डेवलपर एवं वारिश ग्रुप एंड अर्शदीप फायनास लि. आदि शामिल हैं। गुलशन निर्माण को छोड़कर बाकी के खिलाफ अनुसंधान अभी जारी है।