पटना. उत्तरप्रदेश के फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या किए जाने को लेकर सियासत शुरू हो गई है। राजद ने कहा 4 साल में भाजपा की सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गई है। भाजपा के पास कोई काम नहीं बचा है इसलिए वे शहरों का नाम बदल रहे हैं। बता दें कि मंगलवार को दिवाली की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या किया था।
मोदी सरकार ने एक भी वाद पूरा नहीं किया
राजद प्रवक्ता रघुवंश प्रसाद सिंह ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी ने चार साल में एक भी वादा पूरा नहीं किया है। बेरोजगारों की संख्या में वृद्धि हुई है। देश में स्वास्थ्य सेवा बदहाल है।
काम की बदौलत महान बने सरदार पटेल
गुजरात में सरदार पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा लगाए जाने को लेकर राजद नेता ने कहा कि पत्थर की मूर्ति या धातु की लंबाई से किसी की महानता साबित नहीं होती है। पटेल और ऐसे कई लोगों ने विचारधारा, काम और व्यक्तित्व की बदौलत महानता हासिल की है।
भाजपा को सबक सिखाएगी जनता
भाजपा की कथनी और करनी से देश की जनता वाकिफ हो चुकी है। जिस तरह भाजपा वालों ने झूठ बोलकर सत्ता हासिल की और जनता का एक भी वादा पूरा नहीं किया, लोग आने वाले चुनाव में इन्हें सबक सिखाएंगे और सत्ता से बाहर कर देंगे।
69% वोट एकजुट कर भाजपा को सत्ता से बाहर करेंगे
रघुवंश प्रसाद ने कहा कि हम कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के तैयार कर रहे हैं। इसके तहत इस बात पर विचार किया जाएगा कि देश को आगे किस तरह बढ़ाया जाए। भाजपा 31 प्रतिशत वोट की बदौलत देश पर राज कर रही है। हमारा प्रयास है कि बिखरे हुए 69 प्रतिशत वोट को एकजुट करें और भाजपा को सत्ता से बाहर कर संविधान और देश बचाएं।