स्मॉग चैंबर बन जाएगी राजधानी
मौसम विभाग और सफर इंडिया (सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च) दोनों ने पूर्वानुमान जारी किया है कि अगर 50 फीसद पटाखे भी जलाए गए तो बुधवार रात से दिल्ली में प्रदूषण बढ़ना शुरू हो जाएगा। ऊपर से गुरुवार से हवा की दिशा फिर से उत्तर एवं उत्तर-पश्चिमी हो जाने की दुश्वारी है। हवा की गति भी थम जाएगी। नतीजतन, दीपावली का प्रदूषण छंट नहीं पाएगा। ऐसे में अगर समय रहते ठोस उपाय नहीं किए गए तो दिल्ली इस बार भी स्मॉग चैंबर बन जाएगी।
ईपीसीए के मुताबिक दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था काफी लचर है। इसलिए ऑड-इवेन बिल्कुल भी व्यावहारिक नहीं है। इसे लागू करने पर ओला एवं उबर टैक्सी कंपनियों की चांदी होगी। जबकि इनमें भी बहुत सी टैक्सियां चोरी छिपे डीजल से चल रही हैं। इसके बजाय अगर जरूरत पड़ी तो सीमित अवधि के लिए निजी वाहनों पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया जा सकता है।
ईपीसीए के अध्यक्ष डॉ. भूरेलाल ने कहा कि गुरुवार से दिल्ली में ट्रकों का प्रवेश बंद रहेगा। आदेश जारी कर दिए गए हैं। जब तक सीएनजी, डीजल, पेट्रोल वाहनों को परिवहन विभाग हरे और नीले रंग के स्टिकर जारी नहीं करता, ऑड-इवेन लागू करने का कोई लाभ नहीं है। जरूरत के अनुसार इस साल निजी वाहनों का इस्तेमाल ही सीमित या प्रतिबंधित किया जाएगा।