बिहार में चहुंओर रही दीपावली की धूम, रोशनी में नहाया पूरा राज्‍य

पटना । बिहार में अंधेरे पर उजाले के विजय के महापर्व ‘दीपावली’ की धूम है। बुधवार को शाम ढलते ही राजधानी पटना सहित पूरा बिहार रंग-बिरंगी रोशनी से नहा गया है। जमकर आतिशबाजी का दौर चला। दीपावली के दिन आतिशबाजी के कारण कुछ दुर्घटनाएं भी हुईं। पटना में एक होटल में भयानक आग लग गई तो शेखपुरा में कई घर राख हाे गए।


उधर, दीपावली के अवसर पर अपने मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में अपने सरकारी आवास पर दीप प्रज्वलित किया तथा अपनी शुभकामनाएं दीं। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने भी दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
घरों व दुकानों-प्रतिष्‍ठानों माता लक्ष्‍मी की पूजा
शाम ढलते ही घरों में दीये जलने लगे। बाजारों में शाम से ही रौनक दिखी। घरों के साथ दुकानों व प्रतिष्‍ठानों में भी दीपावली के अवसर पर माता लक्ष्‍मी की पूजा की गई।
जगमग हुआ तख्‍त श्री हरिमंदिर साहिब
पटना का तख्‍त श्री हरिमंदिर साहिब 7500 दीयों की रोशनी से जगमग दिखा। यहां देश-विदेश से सिख धर्मावलंबी दीपावली मनाने पहुंचे।
पटना के होटल में लगी भयानक आग, शेखपुरा में कई घर जले
दीपावली के अवसर पर आतिशबाजी के बीच अगलगी की कुछ घटनाएं भी हुईं। पटना के एग्जीबिशन रोड स्थित एक होटल में आग लगने से नुकसान हुआ। दीपावली के अवसर पर अगलगी की घटनाओं को लेकर अलर्ट के बावजूद मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां करीब 45 मिनट बाद पहुंच सकीं।


उधर, शेखपुरा के घाटकुसुम्भा स्थित पानापुर पंचायत के महमदपुर गांव में पटाखे की चिंगारी से धधकी आग में
कई घर राख हो गए। घटना में शंभु साव ,मिथिलेश साव, श्रवण साव, एवं बजरंगी साव के घर जल गए। पीड़ित परिवारों के पास खाद्य सामग्री से लेकर तन ढ़कने तक के वस्त्र तक नहीं बचे।
खूब हुई दीयों की बिक्री

दीपावली को लेकर राजधानी के हर चौक चौराहों पर दीयाें की खूब बिक्री हुई। बाजार का हाल बताता है कि इस वर्ष माटी के दीये का बाजार काफी बढ़ा रहा। वीरचंद पटेल पथ पर दीये की दुकान लगाए राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि पिछले दो सालों से मिट्टी के दियों की मांग बढ़ गई है। उनके अनुसार उन्‍होंने बीते पौने दो लाख दीए बेचे थे, जबकि इस साल तीन लाख बेच चुके हैं। मोमबत्तियां भी खूब जलाई गईं हैं। आधुनिक युग में रोशनी के प्रतिनिधि के रूप में बल्ब भी रोशन दिख रहे हैं। हालांकि, बाजार में इस साल चाइनिज बल्ब व अन्य सजावटी सामानों की मांग कम देखी गई।
चलता रहा आतिशबाजी का दौर
दीपावली की रात आतिशबाजी जारी रहा। हालांकि, बीते साल की तुलना में इसमें कमी दिखी। इससे प्रदूषण भी कम होने का अनुमान है।
अस्‍पताल व फायर ब्रिगेड अलर्ट
किसी दुर्घटना की स्थिति में पटना सहित सूबे के सभी प्रमुख अस्पतालों में जले के इलाज की व्यवस्था की गई। फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट रखा गया।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.