नासिक-भोपाल लेकर जाएगी एसआइटी, फ्यूचर मेकर के दोनों आरोपितों को

सिरसा : फ्यूचर मेकर कंपनी के खिलाफ हिसार में दर्ज मामलों की जांच के लिए गठित एसआइटी ने आरोपित अधिकारियों राधेश्याम व सुंदर लाल को छह दिन के और रिमांड पर लिया है। पुलिस रिमांड अवधि के दौरान दोनों आरोपितों को निशानदेही के लिए भोपाल व नासिक लेकर जाएगी। जानकारी देते हुए सीआइए प्रभारी दलेराम ने बताया कि एसआइटी ने फ्यूचर मेकर कंपनी के एमडी राधेश्याम व प्रमोटर सुंदर को छह दिन के और रिमांड पर लिया है।

दोनों आरोपितों को टीम भोपाल व नासिक लेकर जाएगी। भोपाल में कंपनी का ऑफिस है जबकि नासिक से कंपनी एग्रीकल्चर प्रॉडक्टस खरीदती थी। इससे पहले टीम आरोपितों को नासिक हवाई जहाज से लेकर जाना चाहती थी परंतु उन्हें ले जाया नहीं गया। जिसके बाद अब दोनों आरोपितों को सड़क मार्ग से भोपाल व नासिक ले जाया जाएगा। भोपाल व नासिक में ले जाकर आरोपितों से निशानदेही करवाई जाएगी।
फ्यूचर मेकर कंपनी के खिलाफ फतेहाबाद, हिसार सहित अनेक स्थानों पर धोखाधड़ी के मामले दर्ज है। मामलों की जांच का जिम्मा सिरसा पुलिस को सौंपा गया है तथा इसके लिए विशेष टीम गठित की गई है। स्पेशल एसआइटी ने इससे पहले फतेहाबाद में दर्ज मामलों की जांच के लिए आरोपितों को रिमांड पर लिया था और उसके बाद हिसार में दर्ज मामलों की जांच व निशानदेही के लिए आरोपितों को रिमांड पर लिया है। हिसार मामलों के लिए पुलिस ने पहले आरोपितों को आठ दिन के रिमांड पर लिया था। आरोपितों को नासिक व भोपाल लेकर जाना था, जिसके लिए पुलिस ने उन्हें फिर से छह दिनों के लिए रिमांड पर लिया है।

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.