शौक निराला/ 70 साल के बुजुर्ग महेंद्र रेढू के पास घोड़े व ट्रैक्टरों का खजाना

दो अक्षरों का ऐसा शब्द, जिसका कोई मोल नहीं होता। शौक कब और किस चीज से हो जाए, इसका भी पता नहीं चलता। किसान से बड़े उद्यमी बने गांव बोहतवाला के 70 वर्षीय बुजुर्ग चौ. महेंद्र सिंह रेढू को घोड़े और ट्रैक्टर रखने शौक है। अब उनके पास छह पुराने ट्रैक्टर और पांच घोड़े-घोड़ी हैं।

गांव बोहतवाला के राजकीय स्कूल के नजदीक रेढू फार्म हाउस पर आप जाएंगे तो चार से पांच दशक पहले बंद हो चुके ट्रैक्टरों को चमचमाते हुए लाइन में देखकर दंग रह जाएंगे। इनमें टी-25, डीटी-14, डीटी-28, बेलारूस ट्रैक्टर शामिल हैं। महेंद्र सिंह इन ट्रैक्टरों को पंजाब, उत्तरप्रदेश, राजस्थान से ढूंढ़कर लाए हैं। पूरी उम्र जमकर खेती करने वाले महेंद्र सिंह इनको कृषि कार्यों में प्रयोग नहीं करते।

बैट्री से स्‍टार्ट होते हैं
सभी बैट्री से स्टार्ट होते हैं, इसलिए इनकी बैट्री चार्ज करने के लिए दो-चार किलोमीटर तक चला लेते हैं। ट्रैक्टरों से महेंद्र सिंह को इतना प्यार है कि किसी दूसरे व्यक्ति को इन पर बैठने नहीं देते। सभी ट्रैक्टरों को बच्चों की तरह संभालकर रखते हैं। लक्ष्य मिल्क प्लांट के डायरेक्टर बलजीत सिंह रेढू के बड़े भाई चौ. महेंद्र सिंह ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा उन्होंने इन ट्रैक्टरों को दो साल में जमा किया है।

कबाड़ी से खरीदा, महंगा हो गया
टी-25 का 1970 का मॉडल है और 1971 में यह मॉडल बंद हो गया था। यह लखनऊ आइटीआइ से 18 हजार में कबाड़ के भाव बिका था। पता चलने पर मिस्त्री से खरीदने गया तो पौने तीन लाख रुपये में दिया। 25 हजार रुपये ऊपर खर्च किए। इस ट्रैक्टर पर आज तक एक बार भी चाबी नहीं लगी है। डीटी-14 का 1968 मॉडल है, जो 1970 में बंद हो गया था। इसे उप्र के संभल जिले से डेढ़ लाख रुपये में खरीदा था। डीटी-28 के 1963 मॉडल के ट्रैक्टर को पंजाब के सरहिंद से 2.17 लाख रुपये में खरीदा था। यह मॉडल 1964 में बंद हो गया था। बेलारूस ट्रैक्टर का 1966 मॉडल है, जो 1971 में बंद हो गया था। यह ट्रैक्टर भी पूरी तरह अनटच है। महेंद्र सिंह कहते हैं कि टी-25, डीटी-14, डीटी-28, बेलारूस ट्रैक्टर रूस से बनकर बाते थे। बाद में कुछ साल टी-25 का सामान रूस से आया और यहां असेंबल किया जाता था।

आयशर ट्रैक्टर बहुत भाग्यशाली रहा
चौ. महेंद्र सिंह के पास 1990 मॉडल का आयशर ट्रैक्टर भी है। वह कहते हैं कि यह ट्रैक्टर हमारे लिए बहुत भाग्यशाली रहा। इसके साथ जमकर खेती की और बहुत धन कमाया। वह चार भाई हैं और 28 एकड़ जमीन थी। तीन अब भी संयुक्त परिवार में रहते हैं। छोटा भाई बलजीत लक्ष्य मिल्क प्लांट और हैचरी का व्यवसाय संभाल रहा है। बच्चे भी खेती और बिजनेस में अपनी-अपनी भूमिका निभा रहे हैं। अपने संघर्ष के बारे में महेंद्र सिंह कहते हैं कि शुरू में दस हजार से मुर्गी फार्म शुरू किया था। आज 235 एकड़ जमीन है और देश में कई जगह हैचरी हैं। लक्ष्य मिल्क प्लांट को भी लगातार बढ़ा रहे हैं।

एक घोड़ा व चार घोड़ी
चौ. महेंद्र सिंह ने बताया कि उनके पास एक घोड़ा व चार घोड़ी भी हैं। करनाल से एक घोड़ी 1 लाख 60 हजार, एक पंजाब से 5 लाख और राजस्थान से 1.90 लाख रुपये में खरीदी थी। महेंद्र सिंह कहते हैं कि 50-60 पहले तो घोड़ी पर ही चलते थे। उनके घर में तब भी घोड़ी थी। गांव-गुहांड में घोड़ों पर ही जाते थे। इन घोडिय़ों की संभाल के लिए एक युवक भी रखा हुआ है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.