
SAMASTIPUR : बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने दीवाल के मौके पर समस्तीपुर के लोगों को बड़ा तोहफा दिया है, सीएम ने समस्तीपुर जिले के बिथान प्रखंड के फुहिया घाट पर मंगलवार को ग्रामीण सेतु योजना के तहत 11 करोड़ की लागत से बनने वाले पुल का शिलान्यास किया. कमला, कोसी और करेह नदी के संगम पर बनने वाले इस पुल से 5 जिले के लोगों को फायदा होगा.
इस शिलान्यास के साथ ही सीएम ने हसनपुर विधानसभा से जुड़े 13 अन्य योजनाओं का कार्यारंभ और उद्घाटन किया. कार्यक्रम के दौरान सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यहां अलग-अलग धर्म के लोग हैं. अलग-अलग जाति के लोग रहते हैं. सब को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए. किसी दूसरे धर्म को मानने वालों के प्रति भी अच्छा व्यवहार रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि जब प्रेम और सद्भवना का माहौल रहेगा तो आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता है.
मुख्यमंत्री ने कहा की सात निश्चय में से दो निश्चय पूरा हो गया है. महिलाओं को हर तरह के सरकारी सेवा में 35 प्रतिशत आरक्षण लागू कर दिया गया है. वहीं, हर घर बिजली योजना लक्ष्य से पहले पूरा कर लिया गया है.
इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, भवन निर्माण मंत्री महेश्वर हजारी, ग्रामीण कार्य विभाग के मंत्री शैलेश कुमार, राज्यसभा सांसद रामनाथ ठाकुर स्थित कई विधायक, विधान पार्षद आदि मौजूद रहे.
बताते चलें कि कमला, कोसी और करेह नदी के संगम पर बनने वाले इस पुल से 5 जिले के लोगों को फायदा होगा. पुल के निर्माण से जहां आवागमन में लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी. वहीं, बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों का कायाकल्प होगा.