#NEW_DELHI #INDIA : भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा का 20 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया जाना तय माना जा रहा है। पार्टी ने शुक्रवार (17 जनवरी) को अध्यक्ष पद के लिए होने वाले चुनाव की तारीख की घोषणा की। संगठन के भीतर होने वाली चुनाव प्रक्रिया के अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता राधा मोहन सिंह ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए नामांकन पत्र 20 जनवरी को भरा जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर अगले दिन मतदान होगा।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि संगठन की परंपरा के अनुसार दशकों तक संगठन का अनुभव रखने वाले नड्डा को निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया जाएगा। सोमवार (20 जनवरी) को नड्डा के समर्थन में नामांकन करने के लिए भाजपा मुख्यालय पर केंद्रीय मंत्रियों समेत पार्टी के उच्च नेताओं का जमावड़ा होने की उम्मीद है।

मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में अमित शाह के गृह मंत्री बनने के बाद भाजपा ने उनका उत्तराधिकारी चुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी क्योंकि पार्टी में “एक व्यक्ति एक पद” का नियम है। राधा मोहन सिंह ने कहा कि पार्टी की 36 राज्य और केंद्र शासित इकाईयों में से 21 में पार्टी की आतंरिक चुनाव प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
