#BIHAR #INDIA : मानव शृंखला के दिन 19 जनवरी को पटना जिले की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। मानव शृंखला रूट पर सुबह छह बजे से दोपहर ढाई बजे तक बड़े वाहन नहीं चलेंगे। एसपी ट्रैफिक अमरकेश डी ने निर्देश जारी किया। यातायात सामान्य होने तक मोकामा, टोल प्लाजा, गांधी सेतु, नदौल कादिरगंज, दनियावां, हरनौत एवं कोईलवर से पटना की ओर आने वाले बड़े वाहनों का परिचालन बंद रहेगा, जबकि महाबलीपुर से ट्रकों व व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश शनिवार यानी 18 जनवरी की सुबह 6 बजे से शृंखला की समाप्ति तक बंद रहेगा।

रानी तालाब डायवर्ट किए जाएंगे वाहन
कोईलवर से पटना आने वाले ट्रकों व व्यावसायिक वाहनों को बिहटा से रानी तालाब की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पालीगंज से पटना आने वाले ट्रकों व व्यावसायिक वाहनों को रानी तालाब की ओर डायवर्ट किया जाएगा। जिन रूटों पर मानव शृंखला बनायी जाएगी और जिन मार्गों पर डिवाइडर नहीं होगा, वहां निजी वाहन सुबह 9:30 से दोपहर 1 बजे तक नहीं चलेंगे। जहां डिवाइडर है, उसके विपरीत लेन/वैकल्पिक मार्ग से वाहन चलेंगे। जहां शृंखला नहीं होगी, उस मार्ग पर परिचालन चालू रहेगा।

मानव शृंखला के दौरान गांधी मैदान समेत अन्य जगहों पर जहां भीड़ होगी, वहां एंबुलेंस रहेगी। डीएम नेे सिविल सर्जन को 42 एंबुलेंस को प्रमुख जगहों पर तैनात करें। एंबुलेंस में जीवन रक्षक दवा के साथ डॉक्टर व चिकित्सा कर्मी रहेंगे। शुक्रवार को डीएम ने गांधी मैदान में तैयारियों का जायजा लिया। गांधी मैदान के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगे रहेंगे। नियंत्रण कक्ष से निगरानी की जाएगी। सभी प्रवेश द्वार पर डीएफएफडी एवं एचएचएमडी लगाया जाएगा ताकि लोगों की सुरक्षा जांच की जा सके। चलंत शौचालय, अस्थायी शौचालय, यूरिनल की व्यवस्था रहेगी। पेयजल की सुविधा भी की गई है। बम निरोधक दस्ता भी रहेगा।
