#BIHAR #INDIA : मानव शृंखला को लेकर गांधी मैदान में अभेद्य सुरक्षा का घेरा तैयार किया जा रहा है। इस घेरे में पुलिस के साथ-साथ खुफिया तंत्र की निगरानी भी होगी। एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा का कहना है कि दानापुर से लेकर दीदारगंज तक सुरक्षा का घेरा तैयार किया गया है। गांधी मैदान में अस्थाई थाने से लेकर खुफिया तंत्र की विशेष रूप से तैनाती की गई है। सीसीटीवी कैमरों के साथ मेटल डिटेक्टर भी लगाए गए हैं।

पुलिस का अलर्ट
मानव शृंखला के दौरान दुर्घटना से बचाव को लेकर पुलिस ने विशेष रूप से तैयारी की है। दीघा स्थित जेपी सेतु, गांधी सेतु और पीपा पुल को शनिवार रात से ही बंद कर दिया गया है। हाईवे पर पुलिस ने बड़े वाहनों का आवागमन ठप कर दिया है। मुख्य रूप से बालू वाले वाहनों पर सख्ती बरती जा रही है।

पहली बार थ्री-डी लोगो
इस बार इतिहास रचने के लिए कई नए प्रयोग किए गए हैं। जल जीवन और हरियाली का लोगो थ्री-डी में तैयार किया गया है। जल को नीले रंग में, जीवन को केसरिया और हरियाली को हरे रंग में तैयार किया गया है। 50 बाई 50 की परिधि बने इस थ्री-डी लोगो की तस्वीर आसमान से ली जाएगी। इसे बनाने वाले इवेंट मैनेजर परिमल का कहना है कि इस बार 360 डिग्री के कैमरे का उपयोग होगा। आसमान से इस लोगो का नजारा ही कुछ और होगा।
