
PATNA : बुधवार की रात जहां लोग दीपावली की खुशियां मना रहे थे, वहीं अपराधी अपने खतरनाक मनसूबों को अंजाम देने में जुटे थे. दीपावली की रात वैशाली में अपराधियों का तांडव देखने को मिला. वैशाली में तीन वारदातों में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. इसके साथ ही साथ एक व्यक्ति अभी मौत से लड़ाई लड़ रहा है.
अपराधियों ने पहली घटना हाजीपुर में अंजाम दिया. जहां एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मिल रही जानकारी के मुताबिक घटना औद्योगिक थाना क्षेत्र की है. जहां जेठूई इलाके में अपराधियों ने युवक को गोली मारी. घटना के बाद से ही सनसनी का माहौल है. फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है. परिजनों ने पैसे के लेनदेन के विवाद में युवक की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है साथ ही आरोपी पर अपराधिक चरित्र होने की भी बात कही है ऐसे में पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है.

अपराध की तीसरी घटना मुजफ्फरपुर की है. जिले के अहियापुर थाना के कोल्हुआ में अपराधियों ने दीवाली की रात ही एक युवक को गोली मार दी. घायल राकेश को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं लग सका है.

उधर हत्या की दूसरी घटना गया की है जहां एक चौकीदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. हत्या की आशंका नक्सलियों पर जताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक नक्सलियों ने चौकीदार को घर से बुलाकर इस घटना को अंजाम दिया. पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और फिलहाल मामले की छानबीन में जुटी है. घटना आमस के रेगंनिया की है जिसकी गया के एसएसपी राजीव मिश्रा ने भी पुष्टि की है