हिंदी फिल्मों के संगीत में पहले जैसी जान इसलिए नहीं रही है क्योंकि अब सारे गाने कंम्प्यूटर पर बनने लगे हैं। लक्ष्मीकांत प्यारेलाल, कल्याणजी आनंदजी और शंकर जयकिशन जैसे संगीतकार कभी सैकड़ों वाद्यकलाकारों के साथ सजीव संगीत की प्रस्तुतियों के साथ गाने रिकॉर्ड किया करते थे। अब संगीतकार प्रीतम भी ऐसा ही कुछ करने जा रहे हैं।

अमेज़न प्राइम वीडियो इंडिया की महात्वाकांक्षी वेब सीरीज ‘द फॉरगॉटन आर्मी’ के लिए इसके निर्माताओं ने एक विशाल लाइव कॉन्सर्ट का आयोजन किया है। इस शुक्रवार मुम्बई में आयोजित होने वाले हाल के दिनों के इस सबसे बड़े म्यूजिक इवेंट में एक हजार कलाकार इस सीरीज के गीतों की सजीव प्रस्तुतियां देंगे।

इस वेब सीरीज़ का शीर्षक गीत (टाइटल ट्रैक) ‘आज़ादी के लिए’ रिलीज हो चुका है और इसे खूब पसंद भी किया जा रहा है। गणतंत्र दिवस के मौके पर रिलीज हो रही इस वेब सीरीज का ये गाना अरिजीत सिंह और तुषार जोशी ने गाया है।
