घर बैठे कर सकते हैं देव सूर्य मंदिर का लाइव दर्शन, छठ पूर्व एप लाॅन्च

औरंगाबाद. इस बार छठ पर्व के साथ ही अब आप घर बैठे ऑनलाइन देव सूर्य मंदिर का लाइव दर्शन कर सकते हैं, या देव छठ मेला का प्रसारण देख सकते हैं। एेतिहासिक व विश्वप्रसिद्ध देव के सूर्य मंदिर के दर्शन व यहां बड़े स्तर पर होने वाले छठ पूजा से लोगों की आस्था को जोड़े रखने के लिए जिला प्रशासन ने यह एप लांच किया है।

एप पर एक क्लिक से लाइव दर्शन के साथ ही यहां उपलब्ध सुविधा से जुड़ी प्रत्येक जानकारी तत्काल मिल जाएगी। एप का नाम ‘देव छठ पूजा’ है। शुक्रवार को डीएम राहुल रंजन महिवाल व एसपी डॉ. सत्यप्रकाश ने इस एप को लांच किया। एप को हाई तकनीक पर आधारित एक कैमरे से जोड़ा गया है। जिसकी मदद से एप देव सूर्यकुंड तलाब व सूर्य मंदिर का लाइव प्रसारण करेगा। यह सुविधा 11 नवंबर यानी छठ के नहाय खाय से शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद कोई भी एप डाउनलोड कर इस सुविधा का लाभ उठा सकता है। वहीं, इस एप के जरिए प्रशासन भी देव छठ मेला की सुरक्षा पर पैनी नजर रखेगा।

देव छठ पूजा एप में सुविधा व सुरक्षा से जुड़ी हर जानकारी मौजूद है। जिसे कोई भी छठव्रती या श्रद्धालु एक क्लिक से देख सकते हैं। एप में छठ के शिड्यूल, ठहरने की व्यवस्था, धर्मशाला, ट्रैफिक, पार्किंग, बस पड़ाव, शौचालय, मंदिर, छठ घाट की दूरी व लोकेशन, थाना व सुरक्षा का प्वाइंट, मेडिकल, जीपीएस सुविधा से रास्ता की जानकारी हासिल कर सकते हैं। अगर आपको दूध-पानी या खाने-पीने का सामान या ठहरने में परेशानी है तो आप एप से यह सब जानकारी हासिल कर सकते हैं। एप में उन तमाम जगहों की दूरी व लोकेशन अपलोड है, जिसे आप जानना चाहते हैं। वहीं यह एप संदिग्ध गतिविधि व अफवाहों की जानकारी पलक झपकते हासिल करेगा। एप फेस काउंट करेगा। जिससे मेला में आए लोगों की संख्या की जानकारी भी होगी।

कुंभ मेला की सुविधा देख आया था आइडिया : उतर प्रदेश के प्रयाग कुंभ मेला में लोगों की सुविधा व मेला का लाइव प्रसारण देखकर जिला प्रशासन को यह आइडिया आया था। इसके बाद देव छठ मेला से तीन माह पूर्व डीएम राहुल रंजन महिवाल व एसपी डॉ. सत्य प्रकाश ने देव सूर्य मंदिर न्यास समिति के सौजन्य से एप तैयार करवाने की योजना बनवाई। ताकि देव छठ मेला में देशभर से आनेवाले छठ व्रती व श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा दी जा सके। इसके बाद जिला प्रशासन ने प्रयाग कुंभ मेला में एप बनाने वाली दिल्ली की कंपनी सतूप मीडिया से संपर्क किया। फिर कंपनी ने एक महीने की कड़ी मेहनत से एप को तैयार किया। इसे बनाने में कंपनी के चार विशेषज्ञों ने एक माह तक काम किया।

गूगल प्ले स्टोर से करें एप डाउनलोड : अगर आप देव छठ पूजा के लाइव प्रसारण देखना चाहते हैं या फिर वहां की सुविधा हासिल करना चाहते हैं तो आप अपने स्मार्टफोन के गूगल प्ले स्टोर पर जाएं। वहां जाने के बाद आप अंग्रेजी में Deo Chhath Puja लिखकर सर्च करें। जैसे ही यह एप आपको नजर आये आप इसे इंस्टाॅल कर लें। इसके बाद आप अपनी सुविधा के अनुसार मोबाइल से घर बैठे इसका आनंद उठा सकते हैं। सुविधा से जुड़ी हर जानकारी या फिर देव सूर्य मंदिर के लाइव दर्शन एक क्लिक से कर सकते हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.