पूर्व समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा की अबतक गिरफ्तारी न होने पर सुप्रीम कोर्ट ने बिहार पुलिस को खूब फटकारा

नई दिल्ली/पटना. सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के पूर्व समाज कल्याण मंत्री मंजू वर्मा की अबतक गिरफ्तारी न होने पर बिहार पुलिस को खूब फटकारा। सोमवार को कोर्ट ने कहा-’हम बहुत हैरान हैं कि पुलिस एक पूर्व कैबिनेट मंत्री का महीने भर में सुराग तक नहीं लगा पाई है। पुलिस यह बताए कि आखिर इतनी महत्वपूर्ण शख्सियत का पता लगाने में कामयाब क्यों नहीं हो पाई? इस बारे में पूरी जानकारी डीजीपी कोर्ट में आकर दें।’कोर्ट ने डीजीपी को 27 नवंबर को बुलाया है। उनको समन जारी किया है। बालिका गृह में कुप्रबंधन की शिकायत पर राज्य के मुख्य सचिव को भी तलब किया गया है। मंजू को बालिका गृह कांड मामले में इस्तीफा देना पड़ा था। सीबीआई ने उनके व उनके पति चंद्रशेखर वर्मा के ठिकानों पर छापेमारी की थी। छापे में गांव वाले घर (चेरियाबरियारपुर) से एसएलआर की 50 गोलियां मिली थीं। इसको लेकर दोनों पर आर्म्स एक्ट का मुकदमा हुआ। मंजू के पति सरेंडर करने के बाद जेल में हैं जबकि मंजू लापता हैं।

31 अक्टूबर को भी सुनवाई के दौरान कोर्ट ने लगाई थी फटकार : न्यायमूर्ति मदन बी. लोकुर की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने सुनवाई के दौरान बिहार पुलिस को उसकी अकर्मण्यता के लिए कड़ी फटकार लगाई। अगर 27 तक मंजू गिरफ्तार नहीं होती हैं, तो डीजीपी को कोर्ट जाकर बताना होगा कि आखिर गिरफ्तारी क्यों नहीं हो पाई? कोर्ट ने 31 अक्टूबर को भी बिहार पुलिस को लताड़ लगाई थी। कोर्ट का पुलिस से यही सवाल था कि घर से गोलियां बरामद होने से जुड़े मामले में मंजू की गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? मंजू और उनके पति पर, बालिका गृह कांड के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर से निकटता का आरोप लगा था। अंतत: मंजू को इस्तीफा देना पड़ा।

मंजू के खिलाफ लुकआउट नोटिस, एयरपोर्ट व रेलवे स्टेशनों पर नजर : बेगूसराय पुलिस ने मंजू वर्मा पर लुकआउट नोटिस जारी किया है। एसपी अवकाश कुमार ने कहा-पटना एयरपोर्ट अथॉरिटी, पटना जंक्शन समेत राज्य के सभी बड़े स्टेशनों पर यह नोटिस जारी की गई है। कहा गया है कि मंजू वर्मा नाम के यात्री की सूचना मिलने पर उनको रोकें। पुलिस को शक है कि मंजू, गिरफ्तारी से बचने के लिए बिहार से फरार हो सकती हैं। चेरियाबरियापुर पुलिस के अनुसार मंजू की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसपी ने कहा-सोमवार को मंजू के बेगूसराय में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद छापेमारी की गई। लेकिन वो नहीं मिलीं। पुलिस ने 31 अक्टूबर को मंझौल कोर्ट से मंजू की गिरफ्तारी के लिए गैरजमानती वारंट लिया था।

बिहार में काम ही नहीं कर रहा समाज कल्याण विभाग :इससे पहले कोर्ट मित्र अपर्णा भट्‌ट ने मामले की सुनवाई के दौरान खंडपीठ को बताया कि बिहार में समाज कल्याण विभाग काम ही नहीं कर रहा है। इस पर जस्टिस लोकुर ने कहा कि बिहार में तो पुलिस भी अपना काम नहीं कर रही है, फिर विभाग से उम्मीद क्या की जा सकती है?

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.