पिछले साल बदला, गेम ओवर, मिशन मंगल और सांड की आंख जैसी फिल्मों से अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू को नया नाम मिला है, निडर शे’रनी। ये नया तमगा तापसी को उनकी अगली फिल्म ‘थप्पड़’ की सह अभिनेत्री दीया मिर्जा ने दिया है।
फिल्म थप्पड़ विवाहित जीवन में एक पति से थप्पड़ खाने के बाद पत्नी के अगल रहने के फैसले के संघर्ष की कहानी है। दीया मिर्जा ने भी कुछ महीनों पहले ही अपने पति से अलग रहने का फैसला किया था।

अदाकारा दीया मिर्जा जल्द ही फिल्म ‘थप्पड़’ में नजर आने वाली हैं। फिल्म में तापसी पन्नू मुख्य किरदार में हैं। दीया ने फिल्म और तापसी को लेकर अपने विचार जाहिर करते हुए ‘थप्पड़’ को प्रभावी फिल्म करार दिया है और तापसी की तुलना एक निडर शेरनी से की।
दीया आगे कहती हैं, ‘मेरी कोशिश ऐसी मानवीय कहानियों का हिस्सा बनने की रही है जो सच्चाई को दर्शाती हों और हमें सोचने के लिए मजबूर करती हों। साथ ही ऐसी कहानियां हमारे समाज में सकारात्मक बदलाव भी ला सके। ‘थप्पड़’ ऐसी ही एक फिल्म है, जो बहुत ही प्रभावी है और निश्चित तौर पर समाज पर इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।’
