#BIHAR #INDIA : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने सोमवार को वजीरपुर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेन्द्र नागपाल के समर्थन में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि मुझे खुशी है कि हम दिल्ली में भी देश की सबसे बड़ी पार्टी के साथ सभा कर रहे हैं और मैं दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की जीत की कामना करता हूं।

उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर हम’ला बोलते हुए कहा कि दिल्ली की जनता ने आपको पांच साल दिल्ली के विकास के लिए दिया था, लेकिन आपने क्या किया वह दिखाई नहीं दे रहा है। दिल्ली देश की राजधानी है, किसी की बपौती नहीं है और पूरे देश की है। अरविंद केजरीवाल जिस तरह से दिल्ली में बिहारवासियों का अपमान किया है उसे दिल्ली में रह रहा बिहार का कोई भी नागरिक भूला नहीं है। केजरीवाल ने दिल्ली के उन इलाकों में भी कोई कार्य नहीं किया है जहां बिहार के लोग रहते हैं। उन्हें नालों से होकर गुजरना पड़ता है। कच्ची सड़कें उन्हें परेशान करती हैं। मुझे समझ नहीं आता अरविंद केजरीवाल जो कहते हैं, हमने पांच साल कार्य किया है, लेकिन कोई कार्य नहीं किया है, अब इसका हिसाब 8 फरवरी को पोलिंग बूथ पर होने जा रहा है।

नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के लोगों के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सोच छोटी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में रहने वाले बिहार सहित समस्त पूर्वांचली लोग इस अपमान को भूलने वाले नहीं हैं,क्योंकि अरविंद केजरीवाल ने उनकी मेहनत, उनके परिश्रम और उनकी कर्मठता व योग्यता का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यशगान आज पूरी दुनिया कर रही है, लेकिन अरविंद केजरीवाल दिनरात, सुबह-शाम कोसते रहते हैं, दिल्ली की जनता यह सब देख रही है और इसका माकूल जवाब 8 फरवरी को देने जा रही है।
