सीएसआईआर-यूजीसी नेट दिसंबर 2019 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है, जिसेwww.nta.ac.in पर देखा जा सकता है। यह परीक्षा पहली बार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा कंप्यूटर बेस्ड ली गई थी। साइंस विषयों के लिए आयोजित इस राष्ट्रीय परीक्षा में कुल 2,25,889 छात्रों ने भाग लिया, जिनमें कुल 8123 अभ्यर्थियों ने बाजी मारी।

परीक्षा में राज्य से कई छात्र-छात्राओं का रिजल्ट हुआ है। पटना विश्वविद्यालय के बॉटनी शोधार्थी पीके आदित्य ने यूजीसी और सीएसआईआर द्वारा आयोजित दो विषयों में पर्यावरण विज्ञान व जीवन विज्ञान में नेट क्वालिफाई किया है। वहीं एनटीए द्वारा आयोजित विज्ञान विषयों में आदित्य ने लाइफ साइंस विषय से जेआरएफ में सफलता प्राप्त की है। उन्हें यह फेलोशिप यूजीसी द्वारा प्राप्त होगी, जो एक जुलाई 2020 से प्रभावी होगा।

आदित्य ने इसी वर्ष एनटीए द्वारा आयोजित यूजीसी नेट दिसंबर 2019 में पर्यावरण विज्ञान विषय में भी नेट क्वालिफाइड किया है। वहीं पटना विश्वविद्यालय के ही जंतु विज्ञान विभाग से शोधार्थी एवं बीएन कॉलेज पटना में गेस्ट फैकल्टी कुंदन पटेल ने लाइफ साइंस विषय में जेआरएफ में सफलता प्राप्त की है।
