
DARBHANGA : दरभंगा पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है. ट्रिपल मर्डर का आरोपी लाल बिहारी यादव पर 24 नवंबर को हुए जानलेवा हमला करवाने वाले मास्टरमाइंड विजय वर्धन सिंह उर्फ अंगद सिंह को दरभंगापुलिस ने मुंबई से गिरफ्तार कर लिया. लाल बिहारी यादव दरभंगा बस स्टैंड में वर्चस्व को लेकर एक साथ किए गए तीन मर्डर का मुख्य आरोपी है. जांच अधिकारी शिव कुमार प्रसाद के नेतृत्व में एसएसपी गरिमा मलिक ने एक टीम को मुंबई भेजा और खुद उसकी मॉनिटरिंग कर अंगद सिंह को गिरफ्तार किया.

इस कांड का अप्राथमिकी आरोपी जोरजा निवासी अंगद सिंह वारदात के वक्त घटना स्थल से दूर दिल्ली जाने वाली ‘बिहार संपर्क क्रांति’ ट्रेन में सवार था. गोलीबारी में घायल लाल बिहारी यादव के बयान और सीसीटीवी के फुटेज के आधार पर पकड़े गए हमलावर मनोज ठाकुर के स्वीकारोक्ति बयान के बाद दरभंगा एसएसपी गरिमा मलिक ने अंगद सिंह को हमले का मास्टरमाइंड मानते हुए अनुसंधान शुरू किया था.
वहीं, सदर डीएसपी अनोज कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि सात दिनों की कड़ी मशक्त के बाद अंगद सिंह को सर्विलांस के माध्यम से गिरफ्तार किया गया. यह इस केस का मास्टरमाइंड था और इसी के इशारे पर मनोज ठाकुर ने अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के आनंदपुर के गीतांजलि होटल में लाल बिहारी यादव सहित दो लोगों पर जानलेवा हमला किया था. जिसमें दोनों की जान बच गई, लेकिन गोली चलाने की सारी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी.