सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, 70वें बर्लिन अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में भाग लेने जा रहा है। यह महोत्सव 20 फरवरी से 1 मार्च 2020 तक जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित की जाएगी। फिल्म महोत्सव में एक भारतीय पवेलियन भी देखने को मिलेगा जो विदेशी बाजार में भारतीय सिनेमा को लोकप्रिय बनाने और व्यापार के नए अवसरों के लिए एक मंच प्रदान करेगा।
बर्लिन में संपन्न होने जा रहे इस फिल्म महोत्सव में तीन भारतीय फीचर फिल्में और एक शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री फिल्म का चयन किया गया है। यह फिल्में पुष्पेन्द्र सिंह की ‘लाइपला और सत्त गीत’, प्रतिमा वत्स की ‘ईब अल्ले ऊ’, अक्षय इंडीकर की ‘स्थलपुराण’ और एकता मित्तल की शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री ‘गुमनाम दिन’ है। विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर बर्लिन में भारतीय पवेलियन का उद्घाटन करेंगे।

भारत इस महोत्सव में अपनी भागेदारी के चलते भाषाई, सांस्कृतिक और क्षेत्रीय विविधता में अपनी फिल्मों को बढ़ावा देने चाहता है। इसके साथ ही वितरण, फिल्मांकन, स्क्रिप्ट विकास प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कई अंतरराष्ट्रीय सहयोग स्थापित करने का प्रयास करता है।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल, विभिन्न वार्तालापों के जरिए फिल्म सुविधा कार्यालय के माध्यम से भारत में फिल्मों की शूटिंग को बढ़ावा देना चाहता है, यह निर्माताओं के लिए सिंगल विंडो क्लीयरेंस की सुविधा देता है और भारत में ‘सिनेमैटिक टूरिज्म’ को बढ़ावा देता है।
