कुछ दिन पहले एक रिपोर्ट आई थी कि चीन की तीन बड़ी स्मार्टफोन निर्माता कंपनियां गूगल प्ले-स्टोर की टक्कर में अपना एप स्टोर लॉन्च करने की तैयारी में है। इस रिपोर्ट को सच साबित करते हुए हुवावे ने अपना एप स्टोर HUAWEI AppGallery लॉन्च कर दिया है। हुवावे का एप स्टोर एप गैलरी फिलहाल 170 देशों में उपलब्ध करा दिया गया है।

कंपनी का दावा है कि HUAWEI AppGallery के मासिक एक्टिव यूजर्स 400 मिलियन यानी 4 करोड़ से अधिक हैं। हुवावे ने अपने एप स्टोर को काफी सुरक्षित बताया है। एप स्टोर की लॉन्चिंग के मौके पर कंपनी के सीईओ रिचर्ड यू ने कहा कि यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर काफी गंभीर हैं। उन्होंने आगे बताया कि साइबर सिक्योरिटी उनकी पहली प्राथमिकता है।
हुवावे एप गैलरी हुवावे का एक एप स्टोर है जहां से यूजर्स तमाम तरह के एप्स डाउनलोड कर सकेंगे। सीधे शब्दों में कहें तो हुवावे ने अपने एप स्टोर से गूगल के प्ले-स्टोर को करारा जवाब दिया है। हुवावे के एप गैलरी में 18 कैटेगरी हैं जिनमें न्यूज, सोशल मीडिया, मनोरंजन जैसी कैटेगरी शामिल हैं।
