
PATNA : नीतीश सरकार में मंत्री की कुर्सी गंवाने वाली मंजू वर्मा की परेशानी कम नहीं हो रही है. शुक्रवार को बेगूसराय के मंझौल कोर्ट ने कुर्की जब्ती का आदेश दिया है. वहीं बिहार के डीजीपी केएस द्विवेदी ने भी कह दिया है कि मंजू वर्मा के साथ पुलिस अपराधी की तरह पेश आएगी.

परेशानी यही कम नहीं हुई. मंजू वर्मा को जदयू ने पार्टी से सस्पेंड कर दिया है. हालांकि उन्हें अभी पार्टी से निकाला नहीं गया है. इन परेशानियों के बाद भी मंजू वर्मा ने हिम्मत नहीं हारी है और शुकव्रार को ही उन्होंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है.

जानकारी के अनुसार पुलिस पूर्व मंत्री मंजू वर्मा को आर्म्स एक्ट मामले में गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. वहीं वे इस गिरफ्तारी से बचने के लिए शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की है. बताया जाता है कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट अगले हफ्ते सुनवाई कर सकता है.

गौरतलब है कि मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड को लेकर मंजू वर्मा के घर पर छापेमारी हुई थी. इस छापेमारी में उनके आवास से बालिका गृह से जुड़े कोई सबूत तो मिलने की चर्चा नहीं है, लेकिन अवैध कारतूस ने उनका पूरा खेल ही बिगाड़ दिया. उनके घर से लगभग 50 कारतूस बरामद किये गये थे. इसके बाद से उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. वहीं मंजू वर्मा की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से सुप्रीम कोर्ट लगातार बिहार पुलिस को फटकार लगा रही है.
विदित हो कि मंझौल कोर्ट ने शुक्रवार को ही मंजू वर्मा के खिलाफ धारा 82 और धारा 83 के तहत कुर्की व इश्तेहार साटने का आदेश जारी किया है. पुलिस ने कोर्ट से मंजू वर्मा के खिलाफ इश्तेहार और कुर्की का आदेश मांगा था. इसी मामले में मंजू वर्मा के पति चंद्रशेखर वर्मा कोर्ट में सरेंडर कर चुके हैं और इस वक्त वे जेल में बंद हैं.