पटना जंक्शन और राजेंद्रनगर टर्मिनल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के लिहाज से इंटिग्रेटेड सिक्योरिटी सिस्टम के तहत दो छोटी और छह बड़ी लगेज स्कैनर मशीनें लगेंगी। राजेंद्रनगर में दो छोटे लगेज स्कैनर काम भी करने लगे हैं।
इसके साथ ही स्टेशन पर लगने वाले हाई क्वालिटी कैमरों को क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ा जाएगा। ये पटना जंक्शन में बन रहे कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। पटना जंक्शन के साथ ही दानापुर डिवीजन के करीब 10 रेलवे स्टेशनों पर कैमरे लगा भी दिए गए है। जबकि एक दर्जन स्टेशनों पर काम चल रहा है।

पटना जंक्शन के करबिगहिया और मुख्य गेट पर लगेज स्कैनर मशीन लगी थी। लेकिन, बार-बार तकनीकी खराबी की वजह से उसे हटा दिया गया। जल्द ही पटना जंक्शन पर करबिगहिया छोर और मुख्य गेट पर चार बड़े लगेज स्कैनर लगेंगे। वहीं राजेंद्रनगर टर्मिनल स्टेशन पर दो छोटे लगेज स्कैनर लगाए जाने हैं।
पटना जंक्शन पर एफआरसी (फेस रिकग्निशन कैमरा) लगाने के बाद उसे एक ऐसे सॉफ्टवेयर से जोड़ा जाएगा, जिसमें देशभर के वांछितों की तस्वीरों के साथ पूरा ब्योरा दर्ज होगा।
