
MUZAFFARPUR : पटना एसटीएफ ने मुजफ्फरपुर समेत तीन जिलों में छापेमारी कर कुख्यात संतोष झा हत्याकांड के मुख्य आरोपित समेत 13 शातिरों को गिरफ्तार किया है। सभी शातिर जेल में बंद कुख्यात मुकेश पाठक गिरोह के हैं। इनमें संतोष झा हत्याकांड का मुख्य आरोपित मानव चौबे व संजीत कुमार शामिल है। इनके पास से तीन रायफल, दो पिस्टल, तीन कट्टा व भारी मात्रा में कारतूस भी बरामद किया गया है। सभी को एसटीएफ अपने साथ पूछताछ के लिए पटना ले गई है।

बता दें कि बीते 28 अगस्त को सीतामढ़ी न्यायालय परिसर में कुख्यात संतोष झा की हत्या हुई थी।
विशेष अभियान के तहत एसटीएफ की कई टीमों ने मुजफ्फरपुर, मोतिहारी व बेतिया में एक साथ कई इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान एसटीएफ ने मोतिहारी के मेहसी से छह और मुजफ्फरपुर के कथैया थाना के ठिकहां से तीन व अहियापुर थाना के कोल्हुआ से चार शातिरों को दबोचा। सूत्रों के अनुसार एसटीएफ ने मेहसी में मानव चौबे के घर पर छापा मारा।

इस दौरान संतोष झा हत्याकांड के मुख्य आरोपित संजीत कुमार, मणिभूषण, मानव चौबे, अभिषेक, सोहन व सुशांत को पकड़ा। इनके पास से पुलिस ने दो पिस्टल सहित भारी मात्रा में कारतूस व बारूद बरामद किया है।

मेहसी में धराए शातिरों की निशानदेही पर मुजफ्फरपुर में छापा : पुलिस सूत्रों की मानें तो मेहसी में दबोचे गए शातिरों की निशानदेही पर एसटीएफ ने मुजफ्फरपुर के कथैया थाना के ठिकहां से सोहन पटेल, रामेश्वर राय व यशवंत को दबोचा। इनके पास से तीन रायफल, तीन देसी कट्टा और भारी मात्रा में हथियार बरामद किया। इसके बाद अहियापुर के कोल्हुआ में भी छापेमारी की। इस दौरान शातिर अभिषेक कुमार, राहुल व दो अन्य को दबोचा।
फिलहाल सभी से पटना में पूछताछ की जा रही है। हालांकि इनकी गिरफ्तारी की पुलिस आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रही है।