केंद्रीय विद्यालय में विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा मिले इसको लेकर संगठन की ओर से दिशा निर्देश जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि शिक्षक व्हाट्सएप्प, एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से विद्यार्थियों को अध्ययन साम्रगी भेजें।

किसी टॉपिक में यदि विद्यार्थियों को परेशानी हो तो वे स्काइप और लाइव वेब चैट के माध्यम से उसका समाधान करें। साथ ही जिन विषयों की पढ़ाई नहीं हो सकी है, उनका पीपीटी तैयार कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराएं ।

एनआइओएस की ओर से विकसित किए गए स्वयंप्रभा पोर्टल को समझाने के लिए कुछ शिक्षकों का चयन किया गया है जो विद्यार्थियों को विषय वस्तु के बारे में जानकारी देंगे। यह पोर्टल सात अप्रैल से काम करने लगेगा। इसके अलावा मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्स (मूक), फ्री टू डीटीएच चैनल नंबर 27 पाणिनि और 28 शारदा, यूटुब चैनल के साथ ही एनसीइआरटी के किशोर मंच के बारे में भी पूरी जानकारी दी गई है।
शिक्षकों को जवाबदेही दी गई है कि लॉकडाउन की स्थिति में विद्यार्थियों की पढ़ाई का बहुमूल्य समय बर्बाद नहीं हो इसको लेकर इस कार्य में लग जाएं।
