
PATNA : बिहार में एक बार फिर बड़े पैमाने पर पुलिसकर्मियों का तबादला हुआ है. इस बार 631 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है. इस बारे में ADG मुख्यालय ने ट्रांसफर आर्डर जारी कर दिया है. बिहार में बीते दिनों कुल मिलाकर दो हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों का तबादला किया जा चूका है. मालूम हो कि बिहार पुलिस मुख्यालय ने यह कदम पटना में हाल ही में हुए ट्रेनी सिपाहियों के उपद्रव के बाद उठाया है.

उपद्रव के बाद पुलिस मुख्यालय ने उन पुलिसवालों का तुरंत तबादला करने का मन बना लिया था, जो कई सालों से एक ही जगह जमे हुए हैं. इसी क्रम में बिहार के DGP केएस द्विवेदी के आदेश के बाद एडीजी मुख्यालय ने आज मंगलवार 20 नवंबर को एक बार फिर सैकड़ों पुलिसकर्मियों के तबादले की लिस्ट जारी कर दी है. आज जिन पुलिसवालों का तबादला हुआ है, उनमें मुख्यतः रेल और जिलों में पोस्टेड सिपाही शामिल हैं.

मालूम हो कि इससे पहले सोमवार को ही रेलवे में पदास्थापित बिहार पुलिस के सिपाहियों व हवलदारों का तबादला किया गया है. रविवार को रेलवे में पदास्थापित बिहार पुलिस के सिपाहियों व हवलदारों को इधर से उधर किया गया है. रेलवे में पदस्थापित बिहार पुलिस के 900 सिपाहियों का तबादला किया गया है. इसके अलावा 210 हवलदार भी दूसरी जगह भेजे गये हैं.

कहा गया है कि तबादले की जद में आनेवाले सिपाही व हवलदार पिछले 6 वर्षों से एक ही जगह पर तैनात थे. कोई 6 साल से था तो कोई 7 और 8 साल से. इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस मुख्यालय ने तबादले का आदेश दिया. पुलिस मुख्यालय ने तबादले की अधिसूचना भी जारी कर दी है.
पुलिस मुख्यालय से आए आदेश में कहा गया है कि रेल पुलिस उन सबों को एक दिसंबर तक हर हाल में विरमित कर दे. बता दें कि इसके पहले बिहार पुलिस ने पटना पुलिस लाइन व अन्य जगहों पर लंबे समय से पदास्थापित सिपाहियों का तबादला किया गया था. वहीं 175 कांस्टेबलों को बर्खास्त कर दिया गया था. इसमें 167 ट्रेनी कांस्टेबल थे.