
MOTIHARI : मोतिहारी में लोगों ने जमकर बवाल काटा। गुस्साये लोगों ने शव के साथ आगजनी कर सड़क जाम कर दिया। सड़क जाम से ढाका-पकड़ीदयाल पथ पर लंबा जाम लग गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस जाम हटवा पायी। बाद में मौके पर विधायक लाल बाबू गुप्ता भी पहुंचे और घटना के संबंध में जानकारी ली। लोगों ने उनसे जिले की गिरती विधि-व्यवस्था की शिकायत की। स्थानीय लोगों का कहना था कि हत्या के काफी देर के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। साथ ही जांच की गति भी काफी धीमी है।

बताया जा रहा है कि शिकारगंज थाना के मसहा गांव में दूध का पैसा मांगने पर दबंगों ने दूधवाले की गोली मारकर हत्या कर दी। दूधवाले की हत्या की खबर मिलते ही मौके पर काफी संख्या में लोग जुट गये और शव को सड़क पर रखकर हंगामा करने लगे। वो लोग पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी के साथ ही मुआवजे की मांग कर रहे थे।

बाद में पुलिस के पदाधिकारी और स्थानीय विधायक लाल बाबू गुप्ता मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। सिकरहना एसडीओ ज्ञानप्रकाश ने बताया कि मामले में अभियुक्तों की खोज की जा रही है। जल्द ही वारदात में शामिल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।