
HAJIPUR : अंधराबड़-सहदेई मार्ग पर सहदेई बुजुर्ग ओपी क्षेत्र के पहाड़पुर तोई में पुलिया के समीप पेट्रोल पंप मैनेजर से दो बाइक पर सवार छह अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर 1.76 लाख रुपये लूट लिये. घटना उस वक्त घटी जब जंदाहा थाना क्षेत्र के अंधराबड़ चौक स्थित तिरुपति सर्विस स्टेशन पंप के मैनेजर नागेंद्र शर्मा पेट्रोल पंप से बिक्री का रुपये बैग में लेकर बाइक की डिक्की में रख कर सेंट्रल बैंक में जमा करने जा रहे थे.

इसी क्रम में अंधराबड़ चौक से आगे बढ़े कि पहाड़पुर तोई में पुलिया के पास एक अपाची एवं एक पल्सर बाइक पर सवार छह अपराधियों ने ओवरटेक कर रोक लिया. दो अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर बाइक की चाभी एवं मोबाइल छीन लिया. बाइक की डिक्की से रुपये भरा बैग निकाल सभी सहदेई की ओर भाग निकले. दो बाइक पर सवार छह अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया.

इस संबंध में मैनेजर नागेंद्र शर्मा ने बताया कि काला रंग के एक पल्सर और एक अपाची बाइक पर सवार तीन-तीन सहित छह अपराधियों ने लूट की घटना को अंजाम दिया. सभी अपराधियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच की थी. तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. जिसकी सूचना आसपास के लोगों ने सहदेई ओपी की पुलिस को दिया. सूचना मिलते ही ओपी अध्यक्ष राजीव कुमार, देसरी थाना अध्यक्ष सरफराज अहमद एवं जंदाहा थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल में जुट गयी.

घटना के विरोध में किया आगजनी. लूट की घटना के बाद पंप कर्मियों ने पंप के समीप एनएच 322 पर टायर जला कर जाम कर दिया. जिससे सड़क के दोनों किनारे जाम लग गई. पुलिस पदाधिकारी के समझाने पर जाम हटाया गया. अपराधियों के पहचान के लिए सीसीटीवी से जांच कर रही पुलिस. घटना के बाद देसरी, सहदेई एवं जंदाहा थानों की पुलिस अपराधियों के पहचान के लिए पंप पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. साथ ही तीनों थानों की पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी.

आप को बता दें कि, इससे पहले भी हो चुकी है लूट की घटना. जंदाहा थाना क्षेत्र के अंधराबड़ चौक स्थित पेट्रोल पंप के कर्मी से सोमवार को अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर एक लाख 76 हजार रुपये लूटे जाने की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी 13 नवंबर 2016 को तिरुपति फियूल्स पेट्रोल पंप के नोजल मैन रंजीत कुमार को अपराधियों ने गोली मार कर कैश काउंटर से एक लाख 11 हजार रुपये लूट लिया था.
अस्पताल में इलाज के दौरान नोजल मैन की मौत हो गई थी. इससे पूर्व भी अपराधियों ने इसी पेट्रोल पंप को अपना निशाना बनाया था और कैश काउंटर से दो लाख 76 हजार रुपये लूट लिया था. इसके बाद हवाई फायरिंग करते हुए जंदाहा की ओर भाग गये थे.