इतिहासकार रामचंद्र गुहा के एक ट्वीट पर गुरुवार को बवाल मच गया। उन्होंने ब्रिटिश लेखक के हवाले से गुजरात को लेकर ट्वीट किया कि गुजरात सांस्कृतिक तौर पर पिछड़ा हुआ है। गुहा की ये बात हिंदी सिनेमा के अभिनेता परेश रावल को पसंद नहीं आई और उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ऐसा लगता है जैसे गुहा को किसी की पूंछ पर मुफ्त सवारी मिल रही है।
दरअसल, गुहा ने ब्रिटिश लेखक फिलिप स्प्रेट द्वारा 1939 में लिखी बात को ट्विटर पर शेयर किया था। फिलिप ने लिखा था- ‘गुजरात आर्थिक तौर पर बहुत आगे है मगर सांस्कृतिक तौर पर पिछड़ा हुआ है। बंगाल में इससे उलट है। वह आर्थिक तौर पर पिछड़ा हुआ है, लेकिन सांस्कृतिक तौर पर बहुत आगे है।’

इसके बाद परेश रावल ने रामचंद्र गुहा को जवाब देते हुए लिखा, ‘इतिहास की पुस्तकों को विकृत करने के बाद, गुटलेस गुहा गुजराती/बंगाली का एक नया राग छेड़ते हैं! ऐसा लगता है जैसे उन्हें किसी की पूंछ पर मुफ्त सवारी मिल रही है…!’
हालांकि इसके बाद सोशल मीडिया पर गर्म होते माहौल को देख गुहा ने लिखा, ‘मैंने वह कोट सिर्फ इसलिए शेयर किया, क्योंकि अध्ययन के दौरान वह मुझे पसंद आया। इसके बाद गुहा ने एक और ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि वैधानिक चेतावनी, जब मैं कुछ पोस्ट करता हूं तो वह मेरी रिसर्च का हिस्सा होता है। मैं उन्हें पोस्ट करता हूं, क्योंकि वह मुझे किसी ना किसी तरह से अच्छे लगते हैं।’