युवा अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्मह’त्या के मामले में मुंबई पुलिस बहुत तेजी से छानबीन करने में जुटी हुई है। इस केस की तफ्तीश के दौरान पुलिस ने यशराज फिल्म्स प्रोडक्शन हाउस से उस कॉन्ट्रैक्ट को दिखाने की मांग की है जो अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत और प्रोडक्शन हाउस के बीच साइन हुआ। पुलिस का कहना है कि सुशांत के केस को सुलझाने के लिए इस कॉन्ट्रैक्ट का भी सामने होना जरूरी है।
पिछले रविवार को सुशांत की आत्मह’त्या कर लेने के बाद से ही मुंबई पुलिस गहराई से इस केस की छानबीन कर रही है और वह इस मामले में अब तक सुशांत की बिजनेस मैनेजर श्रुति मोदी और उनकी पीआरओ राधिका निहाल का भी बयान दर्ज कर चुकी है। बृहस्पतिवार के दिन पुलिस ने सुशांत की करीबी दोस्त रिया चक्रवर्ती का बयान भी दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि यशराज फिल्म्स को दोनों के बीच हुए कॉन्ट्रैक्ट की प्रति रिया चक्रवर्ती के साथ चल रही पूछताछ के बीच में ही प्रस्तुत कर देनी होगी। सुशांत ने यशराज फिल्म्स के साथ ‘शुद्ध देसी रोमांस’, ‘डिटेक्टिव ब्योमकेश बक्शी’ और आमिर खान की फिल्म ‘पीके’ में एक छोटा सा किरदार किया है।
सुशांत की बिजनेस मैनेजर श्रुति मोदी ने अपने बयान में पुलिस को बताया है कि वह सुशांत के साथ जुलाई 2019 से 3 फरवरी 2020 तक कार्यरत थीं। सुशांत की पिछली फिल्म ‘छिछोरे’ के प्रमोशन के दौरान भी वह उनके साथ थीं। श्रुति ने पुलिस को बताया है कि सुशांत कई अलग-अलग चीजों पर काम करने का सपना देख रहे थे जिसमें वर्चुअल रियलिटी, नेशन इंडिया फॉर द वर्ल्ड और ड्रीम 150 भी शामिल हैं। श्रुति ने बताया है कि सुशांत ज्वलंत श्रेणी के कुछ रियलिस्टिक वर्चुअल गेम्स की कंपनी बनाने की तैयारी कर रहे थे।

श्रुति ने अपने बयान में पुलिस को बताया है कि सुशांत कॉलेज के छात्रों के साथ मिलकर एक सामाजिक सेवा संस्था ‘नेशन इंडिया फॉर वर्ल्ड’ के नाम से शुरू करना चाहते थे जिसमें वह समाज के लिए और पर्यावरण के लिए काम करना चाहते थे। हालांकि, वह कंपनी उन्होंने रजिस्टर की या नहीं, इस बारे में श्रुति को कुछ पता नहीं है। इसके अलावा सुशांत एक सामाजिक परियोजना ‘जीनियसेज एंड ड्रॉप आउट्स’ पर भी काम कर रहे थे। पुलिस ने बताया है कि सुशांत के निवास स्थान से उन्हें एक स्पेशल टेलीस्कोप भी मिला है जिससे सुशांत ग्रहों और तारों का विश्लेषण किया करते थे। सुशांत की अंतिम फिल्म दिल बेचारा के निर्देशक मुकेश छाबड़ा से भी पुलिस इस बारे में पूछताछ कर चुकी है।
input : अमर उजाला