प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पूरे देश में गरीब कल्याण रोजगार अभियान की शुरुआत की है। पीएम मोदी ने इस अभियान की शुरुआत बिहार के खगड़िया जिले से की है। इस अभियान की शुरूआत में पीएम मोदी ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए प्रवासी मजदूरों, जीविका दीदीयों से सीधी बात की। पीएम मोदी ने इस दौरान बिहार के मजदूरों की मेहनत की सराहना की और साथ ही बिहार रेजिमेंट के वीर सपूतों की शहादत को भी नमन किया।
पीएम मोदी ने कहा कि लद्दाख में हमारे बहादुरों द्वारा किए गए बलिदान पर देश को गर्व है। आज जब मैं बिहार के लोगों से बात कर रहा हूं, तो मैं कहूंगा कि वीरता बिहार रेजिमेंट की थी, हर बिहारी को इस पर गर्व है। मैं उन बहादुरों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना जीवन लगा दिया।

प्रधानमंत्री मोदी ने खगड़िया के तेलिहार गांव से गरीब कल्याण रोजगार अभियान की शुरूआत की है। इसके तहत पीएम से सबसे पहले जिले के जिलाधिकारी आलोक रंजन घोष ने बात की और गांव के श्रमिकों से पीएम का परिचय कराया। तेलिहार गांव के प्रधान अनिल सिंह से पीएम ने बातचीत की और लॉकडाउन के दौरान गांव लौटे लोगों के बारे में जानकारी ली।
इसके बाद पीएम मोदी ने दिल्ली से लौटीं महिला श्रमिक स्मिता कुमारी से बात की। स्मिता ने पीएम मोदी को बताया कि दिल्ली में लॉकडाउन के कारण उनके पति की नौकरी चली गई थी। उसके बाद वह स्पेशल ट्रेन से खगड़िया लौट आईं। उन्होंने बताया कि अब वे गरीब रोजगार गारंटी योजना के तहत मधुमक्खी पालन करने का विचार कर रही है। पीएम मोदी ने उनकी सोच की सराहना की।
input : जागरण