
BARAUNI : राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 28 पर बरौनी थाना क्षेत्र के मोती चौक पर अज्ञात वाहन के चपेट में आने से साइकिल सवार गंभीर रूप से जख्मी हो गया. स्थानीय लोगों द्वारा उसे निकट के सरकारी अस्पताल बरौनी पीएचसी ले जाया गया. जख्मी की पहचान सिंगदाहा निवासी मो. शमीद के पुत्र मजदूर मो. महमूद (22) के रूप में की गई. बरौनी पीएचसी से नाजुक हालत में जान बचाने के ख्याल से प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बरौनी डॉ. मनोज कुमार के नेतृत्व में सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. जहांं इलाज के लिये ले जाने के दौरान रास्ते में ही महमूद की मौत हो गई.

यह खबर जंगल की आग की तरह तेजी से फैल गयी. देखते ही देखते उचित मुआवजा की मांग को लेकर निर्माणाधीन फोर लेन सड़क सह राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 28 पर जीरोमाइल ओपी क्षेत्र अन्तर्गत सिंगदाहा चौक के समीपस्थ शव रखकर घंटों सड़क जाम किया. प्रदर्शनकारियों ने उग्र प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ आक्रोश प्रकट भी किया.

घटना की सूचना पाते ही सीओ बरौनी अजय राज, ओपी अध्यक्ष जीरोमाइल सुनील कुमार सुमन, एसआई पीएस बरौनी विनय कुमार ने जाम स्थल पर पहुंच मामले की पड़ताल की. ओपी अध्यक्ष जीरोमाइल सुनील कुमार सुमन ने बताया कि सरकारी सुविधाओं के तहत उचित मुआवजा ससमय दिलाने की आश्वासन व समझा- बुझाकर शव कब्जे में लेकर आवागमन चालू कराया.

ओपी अध्यक्ष जीरोमाइल सुनील कुमार सुमन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया गया है. मृतक के पिता मो. शमीद ने बताया कि मृतक हर दिन की भांति वेल्डिंंग का काम करने के लिए प्रखण्ड मुख्यालय मोती चौक के समीप किसी दुकान में मंगलवार को भी घर से निकला था. सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई. मृतक अपने पीछे एक विधवा पत्नी, दो छोटे-छोटे बच्चे जिसमें एक लड़का व एक नन्हीं लड़की को छोड़ गया है. परिवार के करुण क्रंदन से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है.