जो नामदार मूंग और मसूर में फर्क नहीं समझते हैं, वो किसानी सिखा रहे : मोदी का राहुल पर तंज

नागौर (राजस्थान). प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को राजस्थान के नागौर में राहुल गांधी पर तंज कसा। उन्होंने कहा, “जिस नामदार को ये नहीं पता कि चने का पौधा होता है कि चने का पेड़ होता है, जो नामदार मूंग और मसूर में फर्क नहीं समझते हैं, वो आज देश को किसानी सिखाते घूम रहे हैं। धुंआ क्या होता है ये नामदार को मालूम ही नहीं है, लकड़ी का चूल्हा कैसे जलता है, ये नामदार को मालूम नहीं। मैने बचपन में अपनी मां को लकड़ी के चूल्हे पर खाना पकाते देखा है, धुंए से आंखों से पानी कैसे निकलता है ये मैंने देखा है और इसी से मुझे उज्ज्वला योजना की प्रेरणा मिली।” नागौर जिले में 10 विधानसभा सीटें हैं।

भाजपा ने नागौर सीट से प्रदेश उपाध्यक्ष मोहनराम चौधरी को अपना प्रत्याशी बनाया है।
मोदी ने कहा, “जो जिंदगी आप गुजारते हैं। वही, मैंने भी गुजारी है। न आप सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, न मैं सोने का चम्मच लेकर पैदा हुआ। गरीब आदमी का दुख-मुसीबत वही जानता है जो आप लोगों के बीच से ही निकलता है। जो सोने का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, उन्हें तो बिना चप्पल पहने खेत में चलने पर कांटा कैसे लगता है इसका भी ज्ञान नहीं होता है।”

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.