PATNA : ट्रक के साथ दो लुटेरे गिरफ्तार

 

PATNA : पटना जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां पुलिस ने लूटे गए ट्रक के साथ दो लुटेरों को भी गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने पकड़े गए लुटेरों के पास से तीन मोबाइल भी बरामद किया है. कहा जा रहा है कि ट्रक पर सोयाबीन लदा हुआ था. जानकारी के मुताबिक, मामला पटना के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र का है. बताया जाता है कि थाना क्षेत्र में दो हफ्ते पहले लुटेरों ने सोयाबीन से लदे एक ट्रक को लूट लिया था. पहले अपराधियों ने हथियार के बल पर चालक को बंधक बनाया. फिर ट्रक पर लदे 495 बोरी सोयाबीन के साथ ट्रक को लूट लिया. ट्रक छत्तीसगढ़ से जा रही थी.

पालीगंज के डीएसपी मनोज पांडेय ने बताया कि 7 अपराधियों ने मिलकर सोयाबीन लदे ट्रक को लूट लिया था. इस सम्बंध में दुल्हिन बाजार थाना में 15 नवंबर को मामला दर्ज कराया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराधियों को पकड़ने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एक विशेष टीन का गठन किया. इसमें पालीगंज, दुल्हिन बाजार, विक्रम और खिड़िमोड़ थाना के अध्यक्षों को भी शामिल किया गया.

टीम ने जब वैज्ञानिक तरीके से अनुसंधान किया तो पता चला कि वारदात में अरवल जिला के कुर्था थाना निवासी रंजीत कुमार और दूसरा मखदुमपुर थाना के सुधीर कुमार ने ट्रक को लूटा था. इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.