PATNA : शिक्षकों का वेतन रोकने का आदेश वापस

PATNA :  बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने कई शिक्षकों की वेतन वृद्धि रोकने के निर्णय को वापस ले लिया है. विभाग के इस निर्णय का माध्यमिक शिक्षक संघ ने कड़ा विरोध किया था. मामला राज्य के माध्यमिक, उच्च माध्यमिक विद्यालयों में औचक निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पदाधिकारियों द्वारा अध्यापन कार्य में अंसतोषजनक घोषित किये शिक्षकों से जुड़ा है. इनकी ‘एक वेतन वृद्धि असंचयात्मक प्रभाव से रोकने’ संबंधी निर्णय विभाग ने जारी किया था. अब इसे तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया गया है. ताजा आदेश अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग के आदेश के आलोक में निदेशक, माध्यमिक शिक्षा के हस्ताक्षर से जारी किया गया है.

गौरतलब है कि बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ के महासचिव सह पूर्व सांसद शत्रुघ्न प्रसाद सिंह ने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिख कर निरीक्षण के तौर तरीकों के साथ-साथ क्षेत्रीय पदाधिकारियों द्वारा शिक्षकों को अयोग्य घोषित करने की प्रक्रिया पर सवाल खड़ा किया था. उन्होंने कहा कि नियोजित शिक्षकों के लिए आजतक कोई सेवा शर्त नियमावली नहीं बनी. इस तरह उन्हें दंड देने की शक्ति नियमावली में प्राप्त नहीं की गई है. यह आदेश भी नियोजन इकाई के लिए निष्प्रभावी रहेगा.

मामले में शिक्षक संघ के मीडिया प्रभारी सह प्रवक्ता अभिषेक कुमार ने कहा कि नियोजित शिक्षक दक्षता एवं पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण होकर ही कार्यरत हैं. इन्हें सरकार ने ही शिक्षक बनने के लिए दक्ष और पात्र घोषित किया है. फिर उन पर इस तरह की कार्रवाई पूरी तरह से अनुचित, अतार्किक और गैरकानूनी थी.

 

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.