PATNA : बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी को पटना हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। सुशील मोदी के खिलाफ नवगछिया की अदालत में चल रहे मानहानि के मुकदमे को हाईकोर्ट ने निरस्त कर दिया है। जस्टिस अहसानुद्दीन अमानुल्लाह की एकलपीठ ने सुशील मोदी की आपराधिक विविध याचिका को मंजूर करते हुए उक्त आदेश दिए। गौरतलब है कि खगड़िया के तत्कालीन विधायक आर के राणा ने सुशील मोदी के खिलाफ मानहानि का आरोप लगाते हुए 1999 में एक परिवाद (कम्प्लेंट ) दायर किया था ।

परिवाद में आरोप लगाया गया था कि जून 1999 में सुशील मोदी ने तत्कालीन विधायक राणा पर एक आपराधिक कांड में संलिप्त होने का आरोप लगाया था जो 16 जून 1999 को हिंदुस्तान अखबार में प्रकाशित हुआ था। बता दें कि उक्त आरोप पर नवगछिया के एसडीजेएम ने 18 ,जनवरी 2000 को संज्ञान लेते हुए सुशील मोदी के खिलाफ सम्मन जारी कर पेश होने का आदेश दिया था । गुरुवार को हाई कोर्ट ने निचली अदालत के उक्त आदेश सहित पूरे आपराधिक मुकदमे को निरस्त कर दिया।

