गंडक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 8 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच जाने से साहेबगंज प्रखंड के रूप छपरा मलंग स्थान स्थित स्लुईस गेट के पास तिरहुत तटबंध में रिसाव शुरू हो गया। हालांकि विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। बूढ़ी गंडक से मोतीपुर प्रखंड की अंजना कोर्ट तथा मीनापुर प्रखंड की घोसौत पंचायत के वार्ड 13 में कटाव हो रहा है।
गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण साहेबगंज प्रखंड के हुस्सेपुर रत्ती पंचायत के हुस्सेपुर पचरुखिया गांव के 3 वार्ड के 700 घरों में गंडक का पानी प्रवेश कर गया है। वहीं, शहर के अखाड़ा घाट स्थित झीलनगर से लेकर लकड़ीढाई तक और आश्रम घाट तथा कर्पूरी नगर मुहल्ले के सड़क तथा घरों के चारों ओर तेजी से बूढ़ी गंडक का पानी फैल रहा है। मुजफ्फरपुर के रेवाघाट और गोपालगंज के डुमरियाघाट में गंडक नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। दूसरी तरफ बागमती, पुनपुन, अधवारा, महानंदा, घाघरा और कोसी के जलस्तर में भी वृद्धि जारी है। गंगा पटना, मुंगेर, भागलपुर में सभी स्थानों पर बढ़ रही है।
बाढ़ प्रभावित सभी इलाकों में सुरक्षित प्रसव के लिए नाव पर बनेगा मोबाइल एंबुलेंस
बाढ़ग्रस्त इलाके में रहनेवाली गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित प्रसव के लिए नाव पर चलंत एंबुलेंस बनेगा। मेडिकल टीम एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराएगी। प्रत्येक एंबुलेंस में 2-2 ट्रेंड एएनएम सभी आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात रहेंगी। चलंत एंबुलेंस का प्रयोग इस वर्ष जिले के 5 बाढ़ग्रस्त प्रखंडाें में किया जाएगा। इसके अलावा सभी बाढ़ग्रस्त प्रखंडों में 5-5 जगह अस्थाई प्रसव वार्ड बनेंगे। उनमें भी ट्रेंड नर्स व सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध रहेंगी। आंगनबाड़ी सेविका व आशा बाढ़ग्रस्त इलाकों की गर्भवती महिलाओं का सोमवार से सर्वे करेंगी।
सबकी सूची मिल जाने पर उक्त गर्भवती महिलाओं को बाढ़ से पहले सुरक्षित जगह ले अाया जाएगा। बाढ़ के 1 सप्ताह के अंदर जिन महिलाओं का प्रसव होना हाेगा, उन्हें अस्थाई प्रसव वार्ड में लाया जाएगा। जबकि, 1 माह वाले गर्भवतियाें का फोन से फॉलोअप किया जाएगा। बाढ़ के पानी में घिरी किसी महिला काे यदि अचानक प्रसव पीड़ा शुरू होगी, ताे उनका प्रसव चलंत एंबुलेंस में कराया जाएगा।
सभी जगह अस्थाई प्रसव वार्ड बनाने, अस्थाई चलंत एंबुलेंस तैयार करने, एएनएम की प्रतिनियुक्ति, दवा व आवश्यक सामान की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी केयर टीम को दी गई है। केयर के जिला समन्वयक सौरभ तिवारी ने बताया कि जिले मे पहली बार नाव में चलंत एंबुलेंस बनाने की व्यवस्था की जा रही है। बाढ़ प्रभावित प्रखंडाें में 5-5 स्थानों पर चलंत प्रसव वार्ड बनाने की भी तैयारी शुरू कर दी गई है। सभी पीएचसी प्रभारियाें से अस्थाई प्रसव वार्ड बनाने के लिए स्थल चिह्नित कर सूची मांगी गई है। जरूरत पड़ने पर एनडीआरएफ के मोटरबोट की भी सहायता ली जाएगी।