जिले में रविवार को महज 190 लोगों को कोरोना टीका लग सका। रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने 6 केंद्रों पर 770 लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। लेकिन महज 3 ही केंद्रों पर वैक्सीनेशन हुआ। कुल 190 लोगों को वैक्सीन दी गई। बंदरा में 30 लोगों, मोतीपुर में 150 लोगों व सकरा में 10 लोगों को कोरोना टीका दिया गया। टीका खत्म हो जाने के कारण अधिकतर केंद्रों पर टीका नहीं लग सका।
जानकारी के अभाव में टीकाकरण के लिए पहुंचे ऐसे 2000 से अधिक लोग बिना टीका लिए केंद्रों से घर लौटे। सदर अस्पताल में टीका वैरिफिकेशन काउंटर पर कोवैक्सीन, कोविशील्ड वैक्सीन का डोज नहीं है का पोस्टर चिपकाया गया है। सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक करीब 200 से अधिक लोग अस्पताल में टीका लेने के लिए पहुंचे। लेकिन सभी को लौटना पड़ा।

बीबी कॉलेजिएट में भी बड़ी संख्या में लोग टीका लेने के लिए पहुंचे। लेकिन केंद्र पर ताला लगा देख लौट गए। एमआईटी, जिला स्कूल, बालूघाट टीकाकरण केंद्र सहित अन्य केंद्रों से एेसे ही लोगों को लौटना पड़ा। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने कहा कि मंगलवार की शाम तक मुख्यालय से टीका मिलने की उम्मीद है। जिसके बाद बुधवार से टीकाकरण फिर से शुरू होगा।