लोजपा में टूट के बाद चिराग पासवान और पशुपति पारस पार्टी पर कब्जे की जंग लड़ रहे हैं. इन बीच चिराग पासवान के समर्थक खुलकर सामने आ रहे हैं. एक ऐसे ही समर्थक ने अपनी शादी के कार्ड पर चिराग पासवान और रामविलास पासवान की फोटो लगाई है.
यह कार्ड सिवान जिले के असाव थाना के शिवपुर सकरा के महम्मदपुर गांव के रहने वाले अभय पासवान ने अपने बेटे की शादी के लिए छपवाई है. इसपर एक और लाइन लिखा गया है, वो लड़ रहे हम पर राज करने के लिए, हम लड़ रहे बिहार पर नाज करने के लिए. यह स्लोगन अब चर्चा का विषय बन गया है.

सिवान के असाव थाना के महम्मदपुर गांव के रहने वाले अभय पासवान के बेटे अनुपम पासवान की शादी 15 जुलाई को होगी. बारात सिवान से वैशाली के जंदाहा के सिलौधर गांव में जाएगी. इस गांव के रहने वाले बालदेव पासवान की पुत्री अमृता राय भारती के साथ अभय पासवान के बेटे की शादी होनी है.
गौरतलब है कि इन दिनों चिराग पासवान और पशुपति पारस के बीच पार्टी पर कब्जे की जंग चल रही है. पशुपति पारस को केंद्र में मंत्री पद मिल गया है. वहीं, चिराग पासवान आशीर्वाद यात्रा के जरिये जनता के बीच जा रहे हैं. चाचा पशुपति पारस के मंत्री बनाये जाने के खिलाफ चिराग पासवान दिल्ली हाईकोर्ट गए थे, लेकिन उनकी याचिका खारिज हो गई.