पटना: मेमू ट्रेन रोककर दैनिक यात्रियों का हंगामा, लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग

सोमवार को राजधानी पटना में दानापुर रेल मंडल के बिहटा स्थित सदिसोपुर स्टेशन पर सुबह 8:00 बजे से लोकल ट्रेन का वैक्यूम काटकर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। हंगामा कर रहे यात्री लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे थे।

यात्रियों का कहना था कि अब कोरोना का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। सारे दफ्तर और कार्यालय खुल चुके हैं। ऐसे में रेलवे प्रशासन को लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ानी चाहिए।

वहीं, लोकल ट्रेनो की मांग कर रहे लोगों ने वैक्यूम काटकर पटना दिल्ली हावड़ा रूट को घंटो स्थगित करा दिया। हालांकि हंगामा और वैक्यूम कटने की सूचना मिलने के बाद रेलवे प्रशासन और रेल पुलिस मौके पर पहुंची और हंगामा कर रहे यात्रियों को समझाने का काफी प्रयास किया गया।

कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ट्रेन को खोला गया और लोगों को आश्वासन देकर कहा गया कि जल्द रेलवे प्रशासन लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाएगी।

उधर, दैनिक यात्रियों ने बताया कि लगभग 2 घंटे से बिना बताए ट्रेन को रोका गया। बिहटा स्टेशन पर जानकारी लेने पर कोई अधिकारी इस बात की जानकारी नही दे पाया कि विक्रमशिला, संपूर्ण क्रांति का स्टेटस क्या है। जबकि कई ट्रेनें बिहटा सहित अलग-अलग स्टेशनों पर 2 घंटे रुकी रही।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.