5 साल के लंबे अंतराल के बाद शुरू हुआ सीएम नीतीश का जनता दरबार, उमड़ी फरियादियों की भीड़

सोमवार को 5 साल के लंबे अंतराल के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जनता दरबार फिर से शुरू हो गया. जनता दरबार कार्यक्रम के पुनः आयोजन में बड़ी तादाद में लोगों की भीड़ उमड़ी है.

मुख्यमंत्री आज तकरीबन ढाई सौ लोगों की फरियाद सुनने वाले हैं. इसके लिए पहले से ही रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है. साथ ही साथ उनका आरटी-पीसीआर कोरोना टेस्ट भी कराया गया है. लेकिन सीएम के जनता दरबार से लोगों को इतनी उम्मीद है कि वह सीधे बिना रजिस्ट्रेशन के भी मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंच रहे हैं.

मालूम हो कि 5 साल के एक लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर से जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम शुरू हुआ है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीते साल विधानसभा चुनाव के बाद जब शपथ लिया था तभी इस बात के संकेत दिए थे कि जनता दरबार कार्यक्रम फिर से शुरू किया जाएगा.

बिहार में लोक शिकायत निवारण कानून लागू होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने जनता दरबार कार्यक्रम को स्थगित कर दिया था लेकिन अब एक बार फिर से मुख्यमंत्री जनता के दरबार में मौजूद हैं. कोरोना काल में इस आयोजन की शुरुआत हो रही है, लिहाजा इसके लिए बड़े स्तर पर तैयारी की गई है.

जनता के दरबार में मुख्यमंत्री कार्यक्रम का स्वरूप काफी बदला-बदला है. पहले इस कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग में होता था लेकिन अब यह मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 4 केजी में किया जा रहा है.

जनता दरबार में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को मुख्यमंत्री सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई का आदेश देंगे. इस सबके बीच खास बात यह है कि अब जो फरियादी मुख्यमंत्री जनता दरबार कार्यक्रम में पहुंचेंगे उनकी शिकायतों के बारे में अधिकारियों को पहले से मालूम होगा.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.