शिक्षक नियोजन: गायघाट में बीईओ का घेराव, पारू में काउंसेलिंग रद्द, कम अंक वालों के चयन का आरोप

जिले की 295 पंचायत नियोजन इकाईयों में प्राथमिक शिक्षकों की बहाली के लिए सोमवार को काउंसेलिंग हुई। इस दौरान विभिन्न जगहों पर हंगामा हुआ। इस दौरान पारू में काउंसेलिंग रद कर दी गई। शहर में जिला स्कूल में मुशहरी प्रखंड की नियोजन इकाईयों के लिए काउंसेलिंग हुई। मेधा सूची में बदलाव के कारण यहां पूरे दिन विवाद होता रहा। कई कैटेगरी की रिक्तियां खत्म हो गई तो कई अभ्यर्थियों की वरीयता ऊपर-नीचे होने से अभ्यर्थी ने हेल्प डेस्क को शिकायत की। पंचायत इकाइयों ने आवेदन के अनुसार मेरिट लिस्ट तैयार की थी, जिसकी जांच प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक की गई।

पिछले हफ्ते जिले से अनुमोदन के बाद मेधा सूची नियोजन इकाइयों को भेजी गई थी। लेकिन, जल्दबाजी में बदलाव होने से काउंसेलिंग स्थल पर काउंटरों के सामने लगी लिस्ट में पेन से काटकर ही संशोधन करना पड़ा। काउंसेलिंग के लिए साढ़े 11 बजे कैंप में पहुंचना था। मगर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सुबह 10 बजे ही पहुंच गए थे। नियोजन इकाई के लिए बने काउंटर से नाम पुकारे जा रहे थे।

मुशहरी के रजवाड़ा भगवान पंचायत में सात रिक्तियों के लिए अभ्यर्थियों की काउंसेलिंग चल रही थी। अचानक कुछ देर तक जब किसी का नाम नहीं बुलाया गया और न ही काउंसेलिंग काउंटर पर कोई अभ्यर्थी दिखा तो बाहर खड़े अभ्यर्थियों की बेचैनी होने लगी। पता चला कि किसी अभ्यर्थी के इंतजार में प्रक्रिया रोकी गई है। इस पर अन्य अभ्यर्थियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।

हेल्प डेस्क से भी कई ने शिकायत की। हंगामा कर रहे अभ्यर्थी का कहना था कि तीन बार नाम पुकारने के बाद नहीं आने पर उस अभ्यर्थी को सबसे आखिर में मौका देना है। बाद में समझा-बुझा कर मामले को शांत किया गया। यू ट्यूब और नियंत्रण कक्ष से लगातार मॉनिटरिंग के बाद भी आरोप, शिकायतों का दौर चलता रहा। महिला अभ्यर्थियों को लेकर भी उलझन बनी रही। आरक्षण कैटेगरी में अनारक्षित महिला या एससी व एससी महिला दिया गया था। काउंसेलिंग काउंटर पर क्रम के अनुसार उन्हें नहीं बुलाने पर महिला अभ्यर्थी ने शिकायत की। हालांकि अधिकारी ने कहा कि महिलाओं के लिए आरक्षण कोटि में पुरुष अभ्यर्थियों के साथ भी मौका दिया जा सकता है।

साहेबगंज : सदस्यों एवं अभ्यर्थियों के बीच झड़पबीईओ ने काउंसेलिंग रद्द करने की अनुशंसा की
साहेबगंज के राजकीय मध्य विद्यालय बालक परिसर में हलीमपुर पंचायत के टेबुल के समीप दो अभ्यर्थी ही आपस में भिड़ गए। इधर, काउंसेलिंग के दौरान नियोजन इकाई के सदस्यों एवं अभ्यर्थियों के बीच हुई झड़प के बाद बीआरसी पहुंचकर अभ्यर्थियों द्वारा बीईओ रेणु कुमारी के विरुद्ध हंगामा किया गया। जिसके बाद अनियमितता के आरोप के आधार पर बीईओ ने हलीमपुर, जगदीशपुर एवं सरैया पंचायत की काउंसेलिंग रद्द करने की अनुशंसा कर दी। बंदरा मध्य विद्यालय में काउंसेलिंग की प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

काउंसेलिंग में कुल 31 अभ्यर्थी शामिल हुए। मीनापुर में यदु भगत किसान कॉलेज में शिक्षक नियोजन को लेकर काउंसेलिंग हुई। प्रखंड की 22 पंचायतों में सामान्य वर्ग में 101 रिक्तिया थीं, जिसमें 79 आवेदकों का नियोजन किया गया। वहीं, उर्दू में 13 पद थे, जिस पर दो आवेदकों का नियोजन किया गया। सरैया के जगत सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनिकपुर में काउंसेलिंग में 81 शिक्षकों को चयनित किया गया। वहीं, 18 पद रिक्त रह गया। इस दौरान दातापुर पंचभिड़वा पंचायत में सामान्य सीट पर फर्जी तरीके से चयन करने को लेकर अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। जिसके बाद बीईओ ने नियोजन रद्द करने की अनुशंसा कर दी।

मुशहरी : 21 पंचायत के 85 पदों के विरुद्ध 71 अभ्यर्थियों का हुआ नियोजन
प्रखंड में पंचायत शिक्षक नियोजन को लेकर जिला स्कूल मुजफ्फरपुर में कैंप लगा। इस दौरान हुई काउंसेलिंग में 26 में से 21 पंचायतों के 85 पदों के विरुद्ध 71 अभ्यर्थियों का नियोजन किया गया। पताही और मधुबनी पंचायत के पंचायत सचिव द्वारा समय पर मेधा सूची उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण नियोजन सोमवार को नहीं हो सका। काउंसेलिंग के दौरान भगवानपुर, मणिका हरिकेश, खबड़ा, रोहुआ आदि काउंटर पर कुछ अभ्यर्थियों द्वारा हंगामा किया गया। डुमरी में ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों का प्रमाणपत्र गायब कर दिए जाने की बात सामने आई।

इस कारण कुछ अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। कांटी उच्च विद्यालय में आयोजित काउंसेलिंग के दौरान अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि पंचायतों के मुखिया द्वारा अवैध तरीके से काउंसलिंग कराई जा रही है। पुलिस ने हंगामे को शांत कराया, तब नियोजन की प्रक्रिया पुन: शुरू हुई। बीईओ अरविंद कुमार ने बताया कि शाम 6 बजे तक कुछ पदों को छोड़कर अधिकतर पर काउंसेलिंग की प्रक्रिया संपन्न हो गई है।

गायघाट : नियोजन में गड़बड़ी का आरोप लगा बीईओ की गाड़ी के आगे बैठ गए सभी अभ्यर्थी
प्रखंड के जारंग हाई स्कूल में आयोजित नियोजन कैंप में जमकर हंगामा हुआ और लात-घूंसा चले। शाम 5 बजे के बाद भी कई पंचायत के अभ्यर्थियों को सर्टिफिकेट देने के बाद भी रिसीविग नहीं मिला तो सशंकित अभ्यर्थी हंगामा करने लगे। इसी बीच अफवाह उड़ी कि 6 बजे के बाद बीईओ व मुखिया के लोग नियोजन करा रहे हैं। जिसके बाद अभ्यर्थी उग्र हो गए।

नियोजन कर्मियों के हाथापाई व मारपीट करने लगे। सूचना पर बीडीओ विमल कुमार व गायघाट पुलिस मौके पर पहुंची।इसके बाद भी अभ्यर्थी शांत नही हो रहे थे। अभ्यर्थियों की मांग थी कि सुस्ता पंचायत के मुखिया व पूरे नियोजन इकाई पर बीईओ प्राथमिकी दर्ज कराएं। जिसके बाद बीडीओ ने बीईओ को अपने साथ चलने को कहा। इस पर अभ्यर्थी बीईओ की गाड़ी को घेर कर बैठ गए। अभ्यर्थियों की शिकायत थी कि बीईओ व

उनके कुछ लोगों ने नियोजन में गड़बड़ी की है। इधर, केवटसा पंचायत की मुखिया बेबी देवी ने पंचायत सचिव पर मेधा सूची पर उनका जाली हस्ताक्षर करने का आरोप लगाते हुए नियोजन में भारी गड़बड़ी की शिकायत की। इसको लेकर जमकर हंगामा हुआ। जिसके बाद अधिकारियों ने नियोजन पर रोक लगा दी।

पारू : हंगामे के बाद काउंसेलिंग रद्द की गई
पारू हाई स्कूल में काउंसेलिंग के दौरान हंगामा हुआ। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि कम अंक वालों का चयन किया गया। जबकि, ज्यादा अंक वाले को नहीं बुलाया गया। उस्ती पंचायत के नीरज कुमार ने बताया कि मेरा अंक 72 प्रतिशत है। लेकिन, मुझे छोड़ कर कम अंक वाले का चयन कर लिया गया। कमलपुरा पंचायत के काउंटर पर आए शिवकुमार ने एेसा ही आरोप लगाया। हंगामे के कारण सभी काउंटर को बंद कर दिया गया। वहीं, बीईओ बृक्ष भुईयां ने बताया कि हंगामे को लेकर काउंसेलिंग रद्द कर दी गई है।

मड़वन : रद्द करने के लिए बीईओ को दिया आवेदन
गांधी जानकी उच्चतर माध्यमिक स्कूल भटौना में हुई काउंसेलिंग के दौरान धांधली का आरोप लगा अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। मकदुमपुर कोदरिया पंचायत के काउंटर पर अभ्यर्थियों का आरोप था कि ईडब्ल्यूएस कोटि में बगैर माइकिंग कराए ही कम मेधा वाले की काउंसेलिंग करा ली गई। इस दौरान मुखिया से भी अभ्यर्थी उलझ गए। कई अभ्यर्थियों ने नियोजन रद्द करने को लेकर बीईओ को आवेदन दिया है। औराई प्रखंड के मध्य विद्यालय हिंदी में आयोजित काउंसेलिंग में कुल सामान्य शिक्षक के 51 व उर्दू शिक्षक के 2 पद पर अभ्यार्थियों का नियोजन हुआ।

मोतीपुर : कर्मियों की मनमानी पर हंगामा
हाई स्कूल मोतीपुर में काउंसेलिंग के दौरान कर्मियों की मनमानी से आक्रोशित अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। ठीकहा पंचायत के काउंटर पर सुभाष कुमार ने आरोप लगाया कि नियोजन कर्मी दबाव में उसकी जगह ऐसे अभ्यर्थी का चयन करना चाहते थे, जो काउंसेलिंग में हाजिर था ही नहीं। हंगामे से बीडीओ ने ठीकहां पंचायत की काउंसेलिंग रद्द कर दी। कुढ़नी प्रखंड के तुर्की हाईस्कूल में काउंसेलिंग में 92 शिक्षकों का नियोजन हुआ। इधर, खेरमाई के काउंटर पर नियोजन के समयबबाल हो गया। पुलिस ने मामले को शांत कराया।

सकरा : रामकृष्ण पंचायत का मूल रजिस्टर गायब
सकरा उच्च विद्यालय में काउंसेलिंग के दौरान रामपुर कृष्ण पंचायत का रजिस्टर बदले जाने पर अभ्यर्थियों ने हंगामा किया। सब ठीक था। इसी बीच नियोजन पंजी गायब हो गई। सूचना पर करीब एक घंटा तक डीपीओ व बीईओ सचिव का इंतजार करते रहे किंतु न रजिस्टर मिला न ही सचिव आए। काफी देर के बाद सचिव आए, तब तक डीपीओ व बीडीओ भी नियोजन स्थल से चले गए थे। अभ्यर्थियों ने मुखिया पति पर रजिस्टर बदलने का आरोप लगाया। वहीं रघुनाथपुर दोनवां पंचायत व राजापाकड़ व कटेसर पंचायत की काउंसेलिंग भी रद्द कर दी गई।

कटरा : पंचायत प्रतिनिधि व अधिकारियों में तकरार
मध्य विद्यालय कटरा परिसर में काउंसेलिंग के दौरान मौके पर पहुंचे पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच कुर्सी पर बैठने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान करीब आधा घंटा तक बीआरसी परिसर में अफरातफरी मची रही। बाद में बीडीओ अमरेन्द्र पंडित ने पंचायत से आए जनप्रतिनिधियों को समझा कर मामले को शांत कराया। हंगामे के बीच प्रखंड की 19 पंचायत में सामान्य शिक्षक की 77 खाली सीट पर 59 और उर्दू की 26 खाली सीट पर 7 की काउंसेंलिग हुई।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.