बिहार कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई को लेकर राज्य व केंद्र सरकार के खिलाफ़ मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर बढ़ती महंगाई को लेकर बुधवार को सैकड़ो कांग्रेसियों ने राजधानी पटना में कंकड़बाग टेंपो स्टैंड पर विरोध प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेता विनोद पाठक के नेतृत्व में पार्टी समर्थकों ने तेल सहित खाद्य पदार्थों के मूल्य में वृद्धि के खिलाफ सड़कों पर उतर कर विरोध जताया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पुतला फूंका।

पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस नेता विनोद पाठक ने कहा कि नरेंद्र मोदी जब सत्ता में आए थे, तो उन्होंने महंगाई कम करने को लेकर कई वादे किए थे लेकिन सारे वादे आज खोखले साबित हुए हैं। यही याद दिलाने हेतु आज हम अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ सड़क पर उतरे हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी अपने वादे के अनुकूल काम करें और महंगाई पर अंकुश लगाये अन्यथा अपना इस्तीफा दे दें।