उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार ने जनसंख्या नियंत्रण विधेयक पास किया. बिहार में भी अब जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर सियासत तेज हो गई है. कोई कह रहा है कि राष्ट्रीय स्तर पर कानून बनाने का वक्त आ गया है तो कोई कह रहा है कि जनसंख्या नियंत्रण कानून पर बीजेपी सियासत कर रही है. जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बनाने के फैसले पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सहयोगी दल हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) का साथ मिला है.

हम के संयोजक और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण का नीतीश माडल सफल है. बिहार में बच्चियों को शिक्षित करने का असर है औसत प्रजनन दर घटी है. उनकी पार्टी जनसंख्या नियंत्रण के मसले पर मुख्यमंत्री के बयानों और उपायों का समर्थन करती है. बिहार में यह मसला उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाए जाने की घोषणा के बाद तेजी से उछला है. कई भाजपा नेताओं ने बिहार में भी यूपी की तरह की कानून बनाने की वकालत की है.

आपको बता दें की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उनकी नजर में कानून बना देने से जनसंख्या पर नियंत्रण नहीं हो सकता है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने जो किया, वो उसका अधिकार है, लेकिन उन्हें लगता है कि सिर्फ कानून बनने से किसी को बच्चे पैदा करने से नहीं रोका जा सकेगा. नीतीश ने कहा कि इसके लिए महिलाओं का शैक्षिक स्तर और जागरुकता बढ़ाने की कोशिश करनी पड़ेगी.