बिहार में नीट परीक्षा के बहाने आरक्षण का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. इसे लेकर आज गुरुवार को आइसा संगठन से जुड़े लोगों ने पटना में जोरदार प्रदर्शन किया. साथ ही केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया. इसके पहले छात्रों ने आक्रोश मार्च निकाला. केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरक्षण बहाल करने की मांग की.

दरअसल, केंद्र सरकार ने 11 सितंबर को नीट परीक्षा 2021 के आयोजन की घोषणा की है. इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई है. लेकिन कहा जा रहा है कि इसमें ओबीसी आरक्षण की घोषणा नहीं की गई है और न ही इसका पालन किया गया है. नीट परीक्षा से ओबीसी आरक्षण खत्म करने के विरोध में आज आइसा संगठन के छात्रों ने कारगिल चौक पर प्रदर्शन किया. इसके पहले छात्रों ने पटना विश्वविद्यालय से कारगिल चौक तक आक्रोश मार्च निकाला.
कारगिल चौक पर केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का छात्रों ने पुतला फूंका और केंद्र के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार लगातार छात्रों के अधिकार का हनन कर रही है. साजिश के तहत नीट परीक्षा में ओबीसी आरक्षण को खत्म कर दिया गया है, जो सरासर गलत है. केंद्रीय कैबिनेट में कई मंत्री ओबीसी से आते हैं. इसके बाद भी ओबीसी के अधिकारों को खत्म किया जा रहा है. सरकार फिर से इसे लागू करे, वरना आंदोलन को और तेज किया जाएगा.